बनियाडीह में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, विधायक श्यामधनी राही ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

सिद्धार्थनगर। लोटन ब्लॉक क्षेत्र के बनियाडीह स्थित जनता इंटर कॉलेज परिसर में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह सत्र 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही और विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय पननी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी बच्चों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्राथमिक संवर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय पननी के विकास ने प्रथम, खखरा भेलौजी के पवन ने द्वितीय और पननी के ब्यास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 100 मीटर दौड़ में भी विकास प्रथम, ब्यास द्वितीय और अमन तृतीय स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग की लंबी कूद में सेमरी सोतियाडाड़ी की आयुषी मिश्रा ने प्रथम, महदेइया की शिवानी ने द्वितीय और मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की लंबी कूद में भेलौजी बुजुर्ग के पवन प्रथम, नेतवर के निखिल द्वितीय और हरिवंशपुर के शिवशंकर तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विकास चंद्र मिश्र ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार नायक, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक रामशंकर पाण्डेय, भाजपा मंडल महामंत्री सतीश वर्मा, रुद्रनारायण पांडेय, विनोद मिश्रा, सुजीत राजभर, मुनीराम राजभर, शिवम विश्वास सहित तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







