जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश बैंकों में अटके पशुपालकों के ऋण प्रकरणों को प्राथमिकता से मंजूरी दिलाएं : कलेक्टर स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों का नियमित फॉलोअप करन

आगर-मालवा। कामधेनु योजना के तहत पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों के लिए तैयार किए गए ऋण प्रकरणों को बैंकों से समन्वय कर शीघ्र स्वीकृत कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। वहीं सभी विभागीय अधिकारी स्वरोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत बैंकों में प्रस्तुत प्रकरणों की नियमित समीक्षा और फॉलोअप सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार को आयोजित टीएल बैठक में जिला अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बिना पूर्व अवकाश स्वीकृति और सूचना के अनुपस्थित रहने पर जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव को दिए।
औद्योगिक भूखंडों पर उद्योग स्थापित नहीं किया तो आवंटन निरस्त होगा
बैठक में अरनिया में नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के प्रस्ताव की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने आंकली सहित अन्य दो औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्यों और भूखंड आवंटन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने महाप्रबंधक उद्योग को निर्देश दिए कि जिन उद्यमियों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, वे निर्धारित समय-सीमा में उद्योग स्थापित नहीं करते हैं तो उनका आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी भी नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में डीपीआर के मानकों का पालन जरूरी
कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं और निर्माण कार्यों को निर्धारित डीपीआर के मानकों के अनुरूप ही पूरा किया जाए। विद्यार्थियों को गणवेश की राशि का शत-प्रतिशत भुगतान एक सप्ताह में सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि आवास निर्माण की समय-समय पर जियो-टैगिंग कराते हुए हितग्राहियों को निर्धारित किस्तों का भुगतान किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में आर्थिक बाधा नहीं आए।
स्वामित्व योजना में रजिस्ट्री की गति बढ़ाने के निर्देश
स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार अभिलेखों की रजिस्ट्री निष्पादन की तहसीलवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को कार्य में तेजी लाने और प्रतिदिन रजिस्ट्री की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में प्रगति सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों एवं प्रगति को दर्शाने वाली संक्षिप्त और सारगर्भित पीपीटी तैयार कर आगामी टीएल बैठक से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं उप संचालक कृषि, उद्यानिकी तथा कार्यपालन यंत्री जल संसाधन को टपक सिंचाई पद्धति के माध्यम से सिंचित रकबे में वृद्धि के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम सुसनेर प्रेमनारायण परमार, एसडीएम आगर कमल मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







