आगर-मालवा। जिले के ग्राम सेमली स्थित शासकीय तालाब के डूब क्षेत्र और आम रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने दिए हैं। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम सेमली निवासी प्रदीप मालवीय की शिकायत पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार आगर को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने कुल 10 आवेदकों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करने तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम आगर कमल मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में पालक-शिक्षक संघ, हाईस्कूल पालखेड़ी की ओर से निलंबित प्राचार्य को बहाल करने की मांग रखी गई। वहीं भोई मोहल्ला आगर के निवासियों ने वार्ड क्रमांक 18 में अवैध अतिक्रमण और रास्ते में किए गए अवरोध को हटाने की शिकायत की। आगर निवासी लखन माली ने काशीबाई स्मारक की ओर जाने वाले मार्ग पर अवैध पक्के निर्माण और अतिक्रमण हटाने की मांग की।
इसी प्रकार हाटपुरा निवासी रौनक सिंघल ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, ग्राम सालरी के गोपाल सिंह यादव ने संयुक्त खाते की जमीन और कुएं से सिंचाई नहीं करने देने की शिकायत पर कार्रवाई तथा ग्राम कांकर के गणपत सिंह ने प्रधानमंत्री आवास एवं निर्मित शौचालय की भूमि की भू-स्वामित्व रजिस्ट्री कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर ने सभी प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।