चैतुडीह कोलियरी कार्यालय के मुख्य द्वार पर झारखण्ड कोलियरी मजदूर यूनियन का एकदिवसीय सांकेतिक धरना संपन्न

30 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं कार्यबंदी का ऐलान, यूनियन ने प्रबंधन को दिया त्रिपक्षीय वार्ता का अल्टीमेटम टकराव की स्थिति पैदा होने पर आंदोलन की आग पूरे क्षेत्र में फैलेगी : रतिलाल टुडू।
झारखण्ड कोलियरी मजदूर यूनियन की एकीकृत सलानपुर-गजलीटांड-कतरास-चैतुडीह कोलियरी शाखा समिति के आह्वान पर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत चैतुडीह कोलियरी कार्यालय के मुख्य द्वार पर एकदिवसीय सांकेतिक धरना दिया गया। धरना कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो नेता सह झारखण्ड कोलियरी मजदूर यूनियन (BCCL) के जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू उपस्थित हुए। उन्होंने मजदूरों, रैयतों, विस्थापितों एवं प्रभावित परिवारों की मांगों के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा समिति की अध्यक्ष सोनी देवी ने की, जबकि संचालन शाखा समिति के सचिव पंकज कुमार दिनकर ने किया।
स्थानीय नियोजन से लेकर पुनर्वास और मजदूर सुरक्षा तक उठीं मांगें
शाखा समिति की ओर से बताया गया कि BCCL एरिया-4 अंतर्गत कतरास-चैतुडीह में संचालित R.K. Mining Company के कार्यों को लेकर झारखण्ड कोलियरी मजदूर यूनियन लगातार BCCL प्रबंधन का ध्यान स्थानीय लोगों एवं श्रमिकों की समस्याओं की ओर आकृष्ट कराती रही है।
यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि हमारी जायज मांगों को लेकर लगातार आवाज उठाने के बावजूद अब तक BCCL प्रबंधन एवं संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई अथवा समयबद्ध लिखित आश्वासन नहीं मिला है।
यूनियन की प्रमुख मांगों में निम्नलिखित विषय शामिल रहीं।
A) स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर नियोजन।
B) प्रभावित परिवारों का समुचित पुनर्वास एवं उचित मुआवजा।
C) कतरीनदी पर सुरक्षित पुल का निर्माण।
D) क्षेत्र में पेयजल, सड़क, बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था।
E) भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा एवं रोकथाम के उपाय।
F) प्रदूषण नियंत्रण तथा पर्यावरण संरक्षण।
G) श्रमिकों की कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं समुचित चिकित्सा सुविधाएं।
यूनियन ने प्रबंधन की लगातार उदासीनता और मांगों की उपेक्षा पर नाराजगी व्यक्त करते हुए घोषणा की कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो दिनांक 30 नवंबर 2026 से A.S.G.K.C. कोलियरी में अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं कार्यबंदी प्रारंभ की जाएगी। यूनियन के अनुसार यह आंदोलन मांगों के समाधान के लिए ठोस निर्णय एवं लिखित कार्ययोजना प्राप्त होने तक जारी रहेगा।
रतिलाल टुडू बोले मजदूरों और विस्थापितों के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे
धरना स्थल पर उपस्थित मजदूरों एवं प्रभावित परिवारों को संबोधित करते हुए रतिलाल टुडू ने कहा कि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा आंदोलन की उपज है और मजदूरों, रैयतों, विस्थापितों तथा शोषित-प्रभावित परिवारों के अधिकारों की रक्षा उसकी संघर्षशील परंपरा का हिस्सा है। झारखण्ड कोलियरी मजदूर यूनियन इसी उद्देश्य से संगठित होकर मजदूरों एवं प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत है।
उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन और औद्योगिक विकास के नाम पर स्थानीय जनता, रैयतों एवं मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती। यदि BCCL प्रबंधन एवं संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनी अपनी उदासीनता और हठधर्मिता जारी रखती है, तो आंदोलन के कारण उत्पन्न होने वाली औद्योगिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रबंधन एवं संबंधित कंपनी की होगी।
श्री टुडू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रबंधन अविलंब सभी लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई शुरू करे तथा BCCL प्रबंधन, संबंधित R K Mining आउटसोर्सिंग कंपनी और यूनियन के अधिकृत प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता सुनिश्चित करे।
यूनियन की मांग है कि प्रबंधन टकराव की स्थिति पैदा करने के बजाय तत्काल वार्ता कर मजदूरों, रैयतों एवं प्रभावित परिवारों की समस्याओं का न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करे, अन्यथा आंदोलन की आग पूरे क्षेत्र में फैलेगी।
उन्होंने आज के धरना कार्यक्रम को विधिवत पूर्व सूचना मानते हुए प्रबंधन से आवश्यक प्रशासनिक एवं वैधानिक कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने आगे कहा कि यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो झारखण्ड मुक्ति मोर्चा एवं झारखण्ड कोलियरी मजदूर यूनियन मजदूरों, रैयतों और प्रभावित परिवारों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यूनियन अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।
इस धरना कार्यक्रम में एरिया-4 के सचिव रौनक सिन्हा, झामुमो कतरास नगर उपाध्यक्ष ऋतिक सिंह, निरंजन भुईयां, सनोज यादव सहित बड़ी संख्या में मजदूर, महिलाएं एवं प्रभावित परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।
मजदूर एकता—जिंदाबाद! विस्थापितों एवं प्रभावितों का अधिकार—सुनिश्चित करो! झारखंड मुक्ति मोर्चा—जिंदाबाद!
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





