श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई भगवान चित्रगुप्त पूजा, कलम-दवात की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि

श्री बंशीधर नगर। अनुमंडल क्षेत्र में बुधवार को भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अपने घरों, चित्रगुप्त मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विधि-विधान के साथ भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने कलम, दवात, लेखनी और बहीखाते की पूजा कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त के चित्र के समक्ष कलम-दवात रखकर विधिवत पूजन किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान चित्रगुप्त सृष्टि के समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले देवता हैं। इसी परंपरा के तहत लोगों ने अपने सालभर के आय-व्यय का लेखा-जोखा तैयार किया तथा लेखन कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों की पूजा की।
इस दौरान भगवान चित्रगुप्त को समर्पित पारंपरिक मंत्रों का पाठ भी किया गया।
मसीभाजन संयुक्तश्चरसि त्वं महीतले। लेखनी कटिनीहस्त चित्रगुप्त नमोऽस्तुते॥
चित्रगुप्त! नमस्तुभ्यं लेखकाक्षरदायकम्। कायस्थजातिमासाद्य चित्रगुप्त! नमोऽस्तुते॥
श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त से बल, बुद्धि, विद्या और शिक्षा में वृद्धि की कामना की। साथ ही देश में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने कहा कि चित्रगुप्त पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा, लेखन, अनुशासन और कर्म के प्रति समर्पण का प्रतीक भी है। कलम और दवात की पूजा हमें शिक्षा के महत्व तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देती है। शिक्षित एवं जागरूक समाज ही मजबूत और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
पूजा में शामिल हुए समाज के गणमान्य लोग
इस अवसर पर प्रशांत सहाय, मुकेश कुमार सिन्हा, अविनाश सहाय, विकास रंजन श्रीवास्तव, अरविंद कुमार सिन्हा, प्रवीण कुमार सिन्हा, जितेंद्र सिन्हा, सुंदरलाल, उदय कुमार सिन्हा, सुधीर प्रसाद श्रीवास्तव, परमेंद्र कुमार सिन्हा, नवनीत कुमार सिन्हा, उज्ज्वल कुमार सिन्हा एवं अमरेंद्र सिन्हा सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
चित्रगुप्त पूजा को लेकर पूरे अनुमंडल क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। लोगों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान चित्रगुप्त का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज और राष्ट्र की उन्नति का संकल्प लिया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







