**आगर-मालवा।** जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सोयतकलां क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुरा में घेराबंदी कर एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7.39 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा बरामद किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को थाना सोयतकलां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीरज राठौर नामक युवक अवैध मादक पदार्थ स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामगोपाल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वतंत्र पंचों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इंदौर-कोटा रोड पर ग्राम कल्याणपुरा स्थित बजरंग दांगी के कुएं के पास, भैरू महाराज मंदिर के सामने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।
**पैंट की जेब से निकली स्मैक**
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब में रखी छोटी पॉलीथिन से 7.39 ग्राम स्मैक और एक छोटा सेल वाला इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा मिला। पूछताछ में आरोपी की पहचान नीरज पिता राजाराम राठौर (25), निवासी वार्ड क्रमांक 6, गरीबदासपुरा, सोयतकलां के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने अथवा परिवहन करने का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी।
**स्रोत खंगालने में जुटी पुलिस**
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सोयतकलां में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अब पुलिस स्मैक के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बॉयट और एसडीओपी सुसनेर देवनारायण यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामगोपाल वर्मा, उपनिरीक्षक कैलाशचंद्र सोनानिया सहित पुलिस टीम के आरक्षक दिनेश गुर्जर, हेमंत पाराशर, मुकेश दांगी, विश्वनाथ सिंह झाला, संजय दांगी, अमित शर्मा एवं सैनिक महेश प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।