आगर-मालवा।** सीएम हेल्पलाइन पर आमजन की शिकायतों के निराकरण में देरी को लेकर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 50 दिवस से लंबित सभी शिकायतों का आगामी दो दिनों में अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को कलेक्टर डॉ. मीना की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने विभागवार और शिकायतवार लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से निराकरण में आ रही समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है। सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें।
**शिकायतकर्ता से सीधे बात करें अधिकारी**
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करें और उनकी वास्तविक समस्याओं को समझकर संतुष्टिपूर्वक समाधान करें। उन्होंने कहा कि शिकायत का निराकरण केवल सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर जवाब दर्ज करने या शिकायत बंद करवाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिकायतकर्ता को राहत मिलना और उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है।
**नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश**
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण कराएं। निराकरण के बाद पोर्टल पर भी शिकायत बंद करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में परियोजना अधिकारी, शहरी विकास अभिकरण एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशल सिंह डोडवे सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।