मोबाइल की एक तस्वीर ने खोला अवैध हथियार का राज, तकिए के नीचे मिली देशी पिस्टल!

कैमूर। कैमूर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मोबाइल फोन की गैलरी में मौजूद एक तस्वीर ने अवैध हथियार का राज खोल दिया। पुलिस ने तस्वीर के आधार पर पूछताछ की तो युवक ने घर में हथियार छिपाकर रखने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके घर में छापेमारी कर बेड पर रखे तकिए के नीचे से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने नशे की हालत में मिले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मोहनिया थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह (29 वर्ष) के नशे की हालत में होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
थाने में जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस ने जब युवक का मोबाइल फोन खंगाला तो उसकी गैलरी में देशी पिस्टल के साथ उसकी एक तस्वीर मिली। मोबाइल में मिली इस तस्वीर ने पुलिस का शक गहरा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर परशुरामपुर स्थित उसके घर के कमरे में तलाशी ली। तलाशी के दौरान बेड पर रखे तकिए के नीचे छिपाकर रखी गई एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने हथियार को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने कथित तौर पर बताया कि उसने करीब पांच महीने पहले मुजान निवासी छोटू कुमार से 40 हजार रुपये में यह देशी पिस्टल खरीदी थी। इस मामले में छोटू कुमार की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार युवक की पहचान स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, पिता राजू सिंह उर्फ राजबहादुर सिंह, निवासी परशुरामपुर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक फाइटर तथा एक स्मार्टफोन बरामद किया है।
इस संबंध में मोहनिया थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मामले में फरार दूसरे अभियुक्त छोटू कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







