जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश पीएम आवास की अंतिम किस्त रोकने पर सचिव पर निलंबन और रोजगार सहायक पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश पालड़ा में जनविश्वास अभियान

आगर-मालवा, 13 नवंबर। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर नहीं पहुंचाने और मैदानी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर अब कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही को मकान निर्माण लगभग पूरा होने के बावजूद अंतिम किस्त का भुगतान नहीं मिलने का मामला सामने आने पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने पंचायत सचिव को निलंबित करने और रोजगार सहायक को सेवा से पृथक करने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. मीना ग्राम पालड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और हाईस्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
**मकान पूरा, फिर भी नहीं मिली अंतिम किस्त**
ग्राम भ्रमण के दौरान ग्रामीण चंद्रसिंह ने कलेक्टर को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसे दो किस्तों में 1.05 लाख रुपए मिल चुके हैं। आवास का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और छत भी डल गई है, लेकिन ग्राम पंचायत द्वारा जियो टैगिंग नहीं किए जाने से अंतिम किस्त का भुगतान अटका हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा दोषी पंचायत सचिव को निलंबित करने और रोजगार सहायक को सेवा से पृथक करने के निर्देश दिए।
**स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की अनुपस्थिति पर नाराजगी**
कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का निरीक्षण किया। भवन निर्माण पूरा होने और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद स्टाफ के मुख्यालय पर निवास नहीं करने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और एएनएम की मुख्यालय पर नियमित उपस्थिति एवं निवास सुनिश्चित कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
**नल से पानी नहीं मिला तो दिए घर-घर आपूर्ति के निर्देश**
ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने कंवरलाल यादव के घर पहुंचकर समूह जल प्रदाय योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की स्थिति देखी। नल से पानी नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गांव के सभी घरों में नियमित नल जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं श्रीराम पिता नवल राव के निवेदन पर पंचायत सचिव को तत्काल खाद्यान्न पात्रता पर्ची बनाकर देने के निर्देश दिए।
**स्कूलों में बच्चों से किया संवाद, पढ़ाई और भोजन की गुणवत्ता परखी**
प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कक्षा चौथी और पांचवीं में पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, गणवेश राशि के भुगतान और अतिरिक्त कक्ष निर्माण की जानकारी ली।
इसके बाद हाईस्कूल में कक्षा नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर अध्यापन कार्य का जायजा लिया। विद्यालय में शिक्षकों की संख्या और स्मार्ट क्लास की सुविधा के संबंध में भी जानकारी ली। शिक्षिका को निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कराने और समय-समय पर विद्यार्थियों को पाठों का पुनरावर्तन कराने के निर्देश दिए।
**आंगनवाड़ी में पोषण और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली**
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में नाश्ता एवं गरम पका भोजन वितरण के समय, गुणवत्ता और निर्धारित मीनू की जानकारी ली। बच्चों की उपस्थिति, नियमित टीकाकरण, वजन और ऊंचाई मापने की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही कम वजन वाले बच्चों तथा सैम-मैम श्रेणी के बच्चों की संख्या और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
**पेंशन भुगतान में देरी पर भी जताई चिंता**
ग्राम की महिला शांति बाई ने कई महीनों से पेंशन राशि नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि असफल भुगतान की समस्या का स्वयं रुचि लेकर समाधान कराएं, ताकि महिला को समय पर पेंशन का लाभ मिल सके।
कलेक्टर के इस दौरे में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक की जमीनी स्थिति सामने आई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







