मरीज नहीं, शराब ढो रही थी एंबुलेंस, मोहनिया चेक पोस्ट पर खुला तस्करों का नया खेल; 153.750 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक और सहचालक गिरफ्तार

# मरीज नहीं, शराब ढो रही थी एंबुलेंस, मोहनिया चेक पोस्ट पर खुला तस्करों का नया खेल; 153.750 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक और सहचालक गिरफ्तार
**भभुआ (कैमूर)।** बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्कर अवैध कारोबार से बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस और उत्पाद विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए तस्कर अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला कैमूर जिले के मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी से सामने आया है, जहां मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस का इस्तेमाल शराब की तस्करी के लिए किया जा रहा था। उत्पाद विभाग की टीम ने जांच के दौरान एक एंबुलेंस से 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में एंबुलेंस चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम की नजर एक एंबुलेंस पर पड़ी। संदेह होने पर उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने एंबुलेंस को रोककर उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। एंबुलेंस में शराब छिपाने का तरीका देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई। मरीजों की सेवा के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहन को शराब तस्करी का माध्यम बनाया गया था।
उत्पाद विभाग की टीम ने एंबुलेंस से रॉकफोर्ड, ब्लेंडर्स प्राइड, पावर्स सहित विभिन्न ब्रांड की कुल 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके बाद मौके पर ही एंबुलेंस चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार, पिता विनोद कुमार, निवासी रसूलपुर, जिला मुजफ्फरपुर तथा गोलू कुमार, पिता मुन्ना पटेल, निवासी कांटी, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दिल्ली से शराब लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे। शराब की खेप को पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचाकर गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि, मोहनिया समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की सतर्कता के कारण तस्करों की यह कोशिश नाकाम हो गई।
कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग ने शराब के साथ एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर शराब तस्करों के नए-नए हथकंडों को उजागर कर दिया है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने जैसे संवेदनशील कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहन से शराब की तस्करी का मामला सामने आने के बाद जांच चौकी पर निगरानी और सघन जांच की अहमियत भी सामने आई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






