सम्पत्ति विवाद में मां और बड़े बेटे ने मिलकर कर दी अपने छोटे पुत्र की हत्या

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* टीकमगढ़ जिले के बम्होरीकला थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके सगे भाई और मां को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को बम्होरीकला के खुशीपुरा मोहल्ला निवासी सियाराम अहिरवार ने थाने पहुंचकर अपने छोटे भाई दीप उर्फ ज्वाला सिंह अहिरवार (28) की मौत की सूचना दी थी। बताया गया कि दीप 13 नवंबर की रात करीब 9 बजे घर से बाहर गया था।
अगले दिन सुबह करीब 5 बजे उसकी मां ने दरवाजा खोला तो घर के बाहर बने चबूतरे पर उसका शव पड़ा मिला। अचानक हुई इस घटना से परिवार और इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच के दौरान हत्या की आशंका गहराई।
इसके बाद 16 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच में सामने आया कि मृतक दीप उर्फ ज्वाला सिंह संपत्ति में अपना हिस्सा मांगता था।
इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक मां और भाई द्वारा संपत्ति में हिस्सा देने से मना करने पर मृतक उनके साथ गाली-गलौज करता था।
इसी विवाद से परेशान होकर आरोपियों ने कथित तौर पर रस्सी का फंदा बनाकर उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर 17 नवंबर को सियाराम अहिरवार (32) और उसकी मां (55), दोनों निवासी खुशीपुरा मोहल्ला बम्होरीकला को गिरफ्तार कर लिया। 18 नवंबर को दोनों को जतारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस तरह संपत्ति में हिस्सेदारी के विवाद ने एक परिवार को बिखेर दिया। जिस घर में रिश्तों का सहारा होना चाहिए था, उसी घर के दो सदस्यों पर युवक की हत्या का आरोप है।
बम्होरीकला पुलिस ने मामले का खुलासा कर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा दी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







