पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में पुलिस छापेमारी के विरोध में पत्रकारों में उबाल,मुख्य सचिव के नाम सौंपा ज्ञापन

खलारी। पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त छापेमारी और कार्यालय से सामान जब्त किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में पत्रकारों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले राज्यभर के पत्रकारों ने एकजुट होकर पुलिस कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
रांची में जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से मुख्य सचिव को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में पत्रकार के आवास एवं कार्यालय में की गई पुलिस कार्रवाई तथा मीडिया उपकरणों सहित अन्य सामानों की जब्ती पर गंभीर आपत्ति जताई गई।
एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में कहा कि किसी पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज होना और न्यायालय द्वारा दोषी साबित किया जाना दो अलग-अलग बातें हैं। न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी व्यक्ति को दोषी मानकर व्यवहार करना उचित नहीं है। कानून सभी के लिए समान है और पुलिस-प्रशासन को प्रत्येक कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत करनी चाहिए।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि संगठन न तो किसी आरोपी का पक्ष लेता है और न ही मीडिया ट्रायल का समर्थन करता है। संगठन की आपत्ति पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया और पत्रकारिता से जुड़े उपकरणों की जब्ती को लेकर है। पत्रकारिता की स्वतंत्रता,अभिव्यक्ति की आजादी और पत्रकारों के सम्मान से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने, जब्त किए गए मीडिया उपकरणों एवं अन्य सामानों के संबंध में नियमानुसार निर्णय लेते हुए उन्हें मुक्त कराने तथा जांच के दौरान किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की गई।
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है। पत्रकारों का दायित्व जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। ऐसे में पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना भी आवश्यक है। इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और भविष्य में ऐसी कार्रवाई को लेकर किसी प्रकार का भ्रम या भय उत्पन्न न हो।
इस दौरान रांची,खलारी,पिपरवार,बुढ़मू, मांडर,चान्हो,कांके एवं पिठौरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के पत्रकारों ने एकजुटता प्रदर्शित की। ज्ञापन सौंपने वालों में रांची जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह,प्रदेश कोषाध्यक्ष सुभाषित झा, प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर श्रीवास्तव,प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी आकाश सोनी के अलावा रूपम,राकेश कुमार सिंह,अशोक सिंह,राशीद अंसारी,हेमंत माजी,मुमताज अहमद एवं चंदन कुमार सहित अन्य पत्रकार शामिल थे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







