अंधे कत्ल का 24 घंटे के भीतर खुलासा, महिला की हत्या करने वाला 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* थाना केंट क्षेत्रांतर्गत महिला की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में सागर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में पुलिस कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों एवं शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर पुलिस ने संदिग्ध की गतिविधियों को ट्रेस किया और हत्यारे तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लगभग 3.5 किलोग्राम वजनी खून से सना पत्थर भी जप्त किया गया है।
यह त्वरित कार्रवाई सागर पुलिस की सतर्कता, मजबूत मुखबिर तंत्र, आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं पुलिस कंट्रोल रूम की प्रभावी निगरानी व्यवस्था के बेहतर समन्वय का परिणाम है। पुलिस अधीक्षक सागर संजीव सिंहा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सागर ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में थाना केंट पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच प्रारंभ की गई।
दिनांक 16.11.2026 की रात्रि थाना केंट क्षेत्रांतर्गत रेलवे गेट क्रमांक 26 के ओवरब्रिज के नीचे चिरई कॉलोनी के पास एक महिला की हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची एवं घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतिका की पहचान शांतिबाई अहिरवार के रूप में हुई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना केंट में अपराध क्रमांक 615/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों से मिला महत्वपूर्ण सुराग, शहर के कैमरों के फुटेज का किया गया बारीकी से विश्लेषण किया
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए थाना प्रभारी केंट निरीक्षक रोहित डोंगरे के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास तथा शहर के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था के माध्यम से प्राप्त फुटेज का भी विशेष रूप से अवलोकन एवं विश्लेषण किया गया।
रेलवे स्टेशन, शनि मंदिर, भगवानगंज तिराहा एवं चौकसे चौराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग का आपस में मिलान कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों को ट्रेस किया गया। प्रभारी कंट्रोल रूम के समन्वय एवं सहयोग से सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण कर महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त किए गए।
मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध ऑटो चालक की पहचान दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार उम्र 62 वर्ष, निवासी बड़ा करीला, संत रविदास वार्ड, थाना मोतीनगर, जिला सागर के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की गई, जिसमें महिला की हत्या की पूरी घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतिका शांतिबाई उसके साथ पत्नी के रूप में रहती थी तथा पिछले लगभग पांच वर्षों से अलग रह रही थी। दोनों के बीच आपसी विवाद एवं चरित्र संदेह को लेकर तनाव था।
दिनांक 16.11.2026 की रात्रि लगभग 9:00 से 9:30 बजे के बीच आरोपी मृतिका को बातचीत करने के बहाने रेलवे गेट क्रमांक 26 के ओवरब्रिज के नीचे पिलर के पास ले गया। वहां दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर मृतिका का गला दबाया तथा उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से पास पड़े भारी पत्थर से उसके सिर एवं चेहरे पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना हुआ लगभग 3.5 किलोग्राम वजनी गोल चपटा पत्थर विधिवत जप्त किया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार थे पिता : स्व. श्री धनीराम अहिरवार- उम्र : 62 वर्षनिवासी : बड़ा करीला, संत रविदास वार्ड, थाना मोतीनगर, जिला सागर (म.प्र.) जप्त सामग्री*1.
हत्या में प्रयुक्त खून से सना हुआ लगभग 3.5 किलोग्राम वजनी गोल चपटा पत्थर।अंधे कत्ल जैसे गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण अपराध का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना केंट पुलिस एवं पुलिस कंट्रोल रूम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी केंट निरीक्षक रोहित डोंगरे, प्रभारी कंट्रोल रूम उप निरीक्षक (रेडियो) आर.के.एस.
चौहान, उप निरीक्षक संजय बामनिया, प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, आरक्षक गुड्डू शर्मा, आरक्षक विशाल रावत, आरक्षक दिनेश तिवारी, आरक्षक देवेंद्र रावत एवं आरक्षक सूजन तिवारी सहित थाना केंट पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। सागर पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है।
सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं पुलिस के मजबूत मुखबिर तंत्र के माध्यम से गंभीर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए सागर पुलिस निरंतर तत्पर है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






