जीत के बाद भी सामाजिक समरसता की मिसाल बनीं प्रीति साईं, डोडियाना में वाल्मीकि समाज के विवाह समारोह में पहुंचकर नवदंपती को दिया आशीर्वाद

पादूकलां। चुनाव में जीत हासिल करने के बाद जनप्रतिनिधि अक्सर अपने समर्थकों के बीच जश्न मनाते नजर आते हैं, लेकिन पंचायत समिति भेरूंदा के वार्ड संख्या 3 से विजयी प्रत्याशी प्रीति हुक्मा राम साईं ने जीत के बाद सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देकर सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की।
वे जीत के बाद पहली बार निकटवर्ती ग्राम पंचायत डोडियाना पहुंचीं, जहां वाल्मीकि समाज के विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समाज के लोगों ने उनका साफा एवं माला पहनाकर गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।
जाति-पाति से ऊपर उठकर इंसानियत को दें महत्व
समारोह में प्रीति साईं ने कहा कि इंसान की असली पहचान उसकी जाति-पाति से नहीं, बल्कि उसके कर्मों और व्यवहार से होती है। समाज में सभी को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर इंसानियत, आपसी प्रेम और भाईचारे को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के इस मांगलिक समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। समाज के लोगों से मिला स्नेह, सम्मान और अपनापन उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।
नागौर से सीधे गांव जाने के बजाय पहुंचीं डोडियाना
उन्होंने संवाददाता से बातचीत में बताया कि नागौर से सीधे अपने गांव जाने के बजाय डोडियाना में वाल्मीकि समाज के विवाह समारोह में शामिल होना उनके लिए विशेष खुशी और गौरव का विषय रहा। सामाजिक समरसता का अर्थ ही यही है कि सभी समाज एक-दूसरे के सुख-दुख और मांगलिक अवसरों में सहभागी बनें।
समाज में प्रेम, सम्मान और आपसी विश्वास बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। 36 कौम का जताया आभार, विकास का दिलाया भरोसा
प्रीति साईं ने चुनाव में विजय दिलाने के लिए क्षेत्र की जनता एवं 36 कौम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताकर जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
उनके लिए सभी समाज समान हैं। क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा तथा सभी वर्गों को साथ लेकर सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, वार्ड संख्या 3 के प्रतिनिधि, वाल्मीकि समाज के गणमान्य नागरिक एवं डोडियाना गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।फोटो कैप्शन पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत डोडियाना में वाल्मीकि समाज के विवाह समारोह में नवदंपती को शुभकामनाएं देतीं विजयी प्रत्याशी प्रीति साईं, स्वागत करते समाज के लोग।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







