श्रीराम और हनुमानजी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत : अविराज सिंह

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664*। सिद्ध क्षेत्र कनेरागौड़ में आयोजित श्रीराम महायज्ञ के ध्वजारोहण कार्यक्रम में युवा नेता अविराज सिंह शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम और उनके अनन्य भक्त हनुमानजी के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और लोककल्याण का आदर्श प्रस्तुत करता है। भगवान श्रीराम ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और वचनों का पालन किया।
माता-पिता की आज्ञा, गुरुजनों के प्रति सम्मान, वचन की मर्यादा और समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति समान व्यवहार उनके चरित्र की विशेषताएं हैं। श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, मनुष्य को अपने कर्तव्य और नैतिक मूल्यों से पीछे नहीं हटना चाहिए।
अविराज सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम ने निषादराज गुह, सुग्रीव और हनुमानजी जैसे सहयोगियों को सम्मान देकर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। उनके जीवन में किसी व्यक्ति का महत्व उसकी सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके गुण, समर्पण और भावना से तय होता है।
श्रीराम का चरित्र यह भी बताता है कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चले। रावण पर विजय के बाद स्थापित रामराज्य की अवधारणा केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि सुशासन, न्याय, जनकल्याण और उत्तरदायी नेतृत्व का आदर्श है।
आज भी समाज और शासन व्यवस्था के लिए श्रीराम के ये आदर्श प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा के भीतर अपार सामर्थ्य और ऊर्जा होती है, लेकिन आवश्यकता इस बात की है कि वह अपनी शक्ति को पहचाने और उसका उपयोग सकारात्मक कार्यों में करे।
रामचरितमानस में जामवंतजी हनुमानजी को उनकी शक्ति का स्मरण कराते हैं। जामवंत के वचन सुनकर हनुमानजी को अपने सामर्थ्य का बोध होता है और वे माता सीता की खोज के लिए समुद्र पार लंका जाने का संकल्प लेते हैं।
यह प्रसंग युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। कई बार क्षमता हमारे भीतर होती है, लेकिन आत्मविश्वास की कमी के कारण हम उसका उपयोग नहीं कर पाते।
ऐसे में सही मार्गदर्शन और स्वयं पर विश्वास व्यक्ति की सुप्त शक्ति को जागृत कर सकता है। युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और पूरे संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
अविराज सिंह ने कहा कि हनुमानजी का लंका जाना साहस, निर्भयता और दृढ़ संकल्प का अद्भुत उदाहरण है। उनके सामने समुद्र जैसी विशाल बाधा थी, लेकिन उन्होंने अपने उद्देश्य से ध्यान नहीं हटाया।
यह प्रसंग बताता है कि कठिनाइयों को देखकर घबराने के बजाय उनका सामना करने का साहस रखना चाहिए। महाभारत के प्रसंग में अर्जुन जैसे महान धनुर्धर भी युद्धभूमि में अपने सामने खड़ी चुनौतियों को देखकर विचलित हो जाते हैं, जबकि श्रीकृष्ण उन्हें कर्तव्य और धर्म का बोध कराते हैं।
इन प्रसंगों से युवाओं को यह सीख मिलती है कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, सही उद्देश्य, आत्मविश्वास और कर्तव्यबोध के साथ आगे बढ़ना चाहिए। भय से मुक्त होकर किया गया प्रयास ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि हनुमानजी के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता उनका अद्भुत सामर्थ्य होने के बावजूद अहंकार से पूरी तरह मुक्त रहना है। माता सीता के सामने अपनी शक्ति, समुद्र लांघने की क्षमता या लंका में किए गए पराक्रम का बखान करने के बजाय उन्होंने स्वयं को श्रीराम का दूत बताया।
“रामदूत मैं मातु जानकी” कहकर उन्होंने यह संदेश दिया कि उनके लिए सबसे बड़ी पहचान प्रभु श्रीराम का सेवक होना है। यह प्रसंग सिखाता है कि वास्तविक महानता केवल शक्ति और उपलब्धियों में नहीं, बल्कि विनम्रता, समर्पण और अहंकार से दूर रहने में है।
जिस व्यक्ति के पास सामर्थ्य के साथ विनम्रता भी होती है, उसका व्यक्तित्व और अधिक प्रभावशाली बनता है। हनुमानजी का जीवन युवाओं को शक्ति के साथ सेवा, सफलता के साथ विनम्रता और नेतृत्व के साथ समर्पण का संदेश देता है।अविराज सिंह ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, तकनीक, नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग केवल मनोरंजन या भ्रामक सूचनाएं फैलाने के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान, जागरूकता और सकारात्मक संवाद के लिए होना चाहिए। स्वामी विवेकानंद और डॉ.
एपीजे अब्दुल कलाम जैसे महापुरुषों के विचार युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देते हैं। हनुमानजी की भक्ति और समर्पण का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि रामभक्ति का सार सेवा, विनम्रता और सत्संग में निहित है।
“राम रसायन तुम्हरे पासा, सदा रहो रघुपति के दासा” की भावना व्यक्ति को अहंकार से दूर रहकर अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में महंत कमलदास, रघुनाथदास, पवनदास, जनकिदास, शिवरामदास, रमेश्वरदास, जमना प्रसाद अहिरवार, वीर सिंह ठाकुर, रघुराज सिंह, प्रमोद गौर, मोहन गौर, अनिल सेंगर, प्रेम गौर, राहुल सिंह बहारपुर, सुदामा सिंह, सुरेन्द्र सिंह बहारपुर, सचिन साहू और जितेन्द्र सिंह पिथौरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







