शासकीय तिलक कॉलेज में तीन दिवसीय साहित्यिक, रूपांकन एवं सांस्कृतिक आयोजन संपन्न, विजेता प्रतिभागी जिला स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा 19 से 21 नवंबर तक आयोजित हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

शासकीय तिलक कॉलेज में तीन दिवसीय साहित्यिक, रूपांकन एवं सांस्कृतिक आयोजन संपन्न, विजेता प्रतिभागी जिला स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा
19 से 21 नवंबर तक आयोजित हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं, भाषण, वाद-विवाद से लेकर रंगोली, पेंटिंग, गायन, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में तीन दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय साहित्यिक, रूपांकन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन 19, 20 और 21 नवंबर 2026 को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार बाजपेई की अध्यक्षता तथा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
तीन दिनों तक चलीं विभिन्न प्रतियोगिताएं
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले दिन साहित्यिक विधा के अंतर्गत भाषण, वाद-विवाद एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
दूसरे दिन रूपांकन विधा में रंगोली, पोस्टर, पेंटिंग, कोलाज, क्ले मॉडलिंग एवं कार्टूनिंग जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। वहीं तीसरे दिन सांस्कृतिक एवं अभिनय विधाओं में एकल गान, समूह गान, शास्त्रीय भारतीय एवं पाश्चात्य गान, एकल नृत्य, समूह नृत्य, माइम, स्किट एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने समां बांधा।
व्यक्तित्व विकास में सहायक हैं ऐसी गतिविधियां
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति, कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। महाविद्यालय में आयोजित इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सांस्कृतिक समिति के सदस्यों का रहा सहयोग
कार्यक्रम के सफल संचालन में सांस्कृतिक समिति के सदस्यों डॉ. विनय बाजपेई, प्रोफेसर जीएम मुस्तफा, डॉ. अनिल तौहेल, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. सुचि सिंह, डॉ. राजश्री शर्मा, डॉ. अंकिता खंडेलवाल, डॉ. अपेक्षा मिश्रा एवं डॉ. शैलजा कटारे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों का सराहनीय सहयोग रहा।
दिसंबर में होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता
महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न विधाओं में विजयी प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कटनी महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 2, 3, 4 एवं 5 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएंगी।
समापन अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों, सांस्कृतिक समिति के सदस्यों एवं प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7-जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
मोबाइल: 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







