मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने सोमवार को सागर प्रवास के दौरान जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में संभागीय आयुक्त दिलीप कुमार, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक संजीव सिंह, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ देवेश पटेरिया उपस्थित रहे। बैठक में आमजन से जुड़े मुद्दों, मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, किसान हितों, स्वच्छता एवं कानून व्यवस्था से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई।
अध्यक्ष डॉ. सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
रबी फसलों की बुआई के मद्देनजर जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद वितरण में शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा धान उपार्जन प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को खाद प्राप्त करने अथवा उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिले में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था केवल मुख्य शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में उन्होंने जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता की भी समीक्षा की।
अध्यक्ष श्री सिंह ने रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक स्क्रीनिंग की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। पुलिस थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की नियमित कार्यशीलता, उनकी निगरानी तथा निर्धारित समय पर आवश्यक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, वितरण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर द्वारा आबकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के माध्यम से शुरू कराई गई काउंसिलिंग और स्क्रीनिंग व्यवस्था को सराहा और लोगों को और जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली में जवाबदेही, सतर्कता, संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा सामाजिक मूल्यों एवं मानवीय मूल्यों को बनाए रखने की होनी चाहिए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







