सहकारिता चुनाव टालने पर बोले पूर्व कृषि एवं सहकारिता मंत्री सुरेंद्र चौधरी,आखिर चुनाव कराने से क्यों डर रही भाजपा सरकार

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* मध्यप्रदेश में लंबे समय से लंबित सहकारिता चुनावों को लेकर मध्य प्रदेश शासन के कृषि एवं सहकारिता पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सहकारिता चुनावों को लगातार टालना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
आखिर भाजपा सरकार किसानों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित क्यों रखना चाहती है? चौधरी ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र प्रदेश के किसानों की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है।
सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को बीज,खाद,कृषि ऋण और सिंचाई सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। सहकारिता क्षेत्र न केवल किसानों की आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में नए राजनीतिक नेतृत्व को आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करता है।
पूर्व मंत्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा वर्षों से सहकारिता चुनाव नहीं कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था और सहकारिता की मूल भावना के विपरीत है। निर्वाचित प्रतिनिधियों के अभाव में सहकारी संस्थाओं का संचालन प्रभावित होता है और किसानों की भागीदारी भी कमजोर पड़ती है।
उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं में किसानों की भागीदारी केवल सदस्यता तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपने प्रतिनिधि चुनने और संस्थाओं के संचालन में अपनी भूमिका निभाने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार मिलना चाहिए। चुनाव नहीं होने से संस्थाओं की जवाबदेही प्रभावित होती है और किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने वाला निर्वाचित नेतृत्व सामने नहीं आ पाता।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सहकारिता संस्थाओं पर लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रतिनिधियों के स्थान पर अपना नियंत्रण बनाए रखना चाहती है।
यह सहकारिता के सिद्धांतों और किसानों के अधिकारों के साथ अन्याय है। चौधरी ने मांग की कि मध्यप्रदेश सरकार तत्काल सहकारिता चुनावों की घोषणा करे और निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सभी सहकारी संस्थाओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करे, ताकि किसानों को उनका अधिकार मिल सके और सहकारिता व्यवस्था अपने मूल उद्देश्यों के अनुरूप कार्य कर सके।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







