चांद की दुलही पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था की जांच, डब्ल्यूपीयू की कमियां दूर करने का निर्देश

डब्ल्यूपीयू में मूलभूत संसाधनों की कमी मिलने पर सुधार का निर्देश, कर्मियों को सिखाया गया कचरा पृथक्करण का तरीका
चांद (कैमूर)। प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ठोस कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को स्वच्छता दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य कार्यालय की ओर से कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत दुलही पंचायत का चयन किया गया था। कार्यक्रम के तहत पंचायत में संचालित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (डब्ल्यूपीयू) का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद हदीद खान एवं प्रखंड समन्वयक रविशंकर बिहारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डब्ल्यूपीयू की व्यवस्था, उपलब्ध मूलभूत संसाधनों और कचरा प्रबंधन से संबंधित कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण में इकाई पर कई मूलभूत संसाधनों की कमी पाई गई। इस पर संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षक को आवश्यक कमियों को दूर करने और व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान दुलही पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं कर्मियों के साथ-साथ प्रखंड की अन्य पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षकों और जनप्रतिनिधियों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने, कचरे का सही तरीके से संग्रहण एवं निस्तारण करने तथा अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई की उपयोगिता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्वच्छता कर्मियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे का पृथक्करण करने की व्यावहारिक जानकारी भी दी। उन्हें बताया गया कि कचरे का सही तरीके से पृथक्करण होने से उसके प्रसंस्करण और निस्तारण में आसानी होती है। साथ ही पंचायत स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारियों का नियमित रूप से निर्वहन करने की आवश्यकता बताई गई।
कार्यक्रम के माध्यम से पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों की कमियों को दूर करने और स्वच्छता कर्मियों को कचरा प्रबंधन के प्रति प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






