तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बच्चों ने खेल, बौद्धिक क्षमता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बिखेरा जलवा, विधायक नीलकंठ टेकाम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में आँवराभाटा का दबदबा, प्राथमिक वर्ग में तरईबेड़ा और माध्यमिक वर्ग में आँवराभाटा ने मारी बाजी
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बच्चों ने खेल, बौद्धिक क्षमता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बिखेरा जलवा, विधायक नीलकंठ टेकाम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
केशकाल/ कोंडागांव
संकुल केंद्र पीपरा के अंतर्गत विकसित ग्राम आँवराभाटा में तीन दिवसीय संकुल स्तरीय शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में संकुल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल प्रतिभा, बौद्धिक कौशल तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणामों में प्राथमिक वर्ग की सामूहिक स्पर्धाओं में प्राथमिक शाला तरईबेड़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा बनाया, वहीं माध्यमिक वर्ग की सामूहिक स्पर्धाओं में माध्यमिक शाला आँवराभाटा का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य कपिल कांत नाग, ग्राम पंचायत आँवराभाटा की सरपंच श्रीमती सूरज बत्ती नेताम तथा ग्राम पंचायत पीपरा के सरपंच गोपेंद्र मरकाम के मुख्य आतिथ्य में हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रतियोगिता के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विजय पोया मुख्य अतिथि तथा सूरज बत्ती नेताम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने देर रात तक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस प्रकार जीवन में शिक्षा आवश्यक है, उसी प्रकार शरीर के सर्वांगीण विकास के लिए खेल भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों को बधाई दी तथा असफल रहे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि निराश होने की आवश्यकता नहीं है, निरंतर अभ्यास और मेहनत से वे अगले वर्ष अवश्य सफलता प्राप्त कर सकते हैं। विधायक ने आयोजन के लिए ग्रामवासियों एवं दोनों ग्राम पंचायतों के सरपंचों को बधाई दी तथा ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य बीरेन्द्र बघेल एवं सरपंच गोपेंद्र मरकाम ने भी सभा को संबोधित किया।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
प्राथमिक वर्ग : व्यक्तिगत स्पर्धाएं
100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में प्राथमिक शाला पीपरा के संस्कार प्रथम तथा प्राथमिक शाला दोड़गापारा के अभय मरकाम द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में जनपद प्राथमिक शाला आँवराभाटा की कु. गायत्री प्रथम तथा प्राथमिक शाला चिरवलाडिही की कु. राधिका द्वितीय रहीं।
200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से प्राथमिक शाला छिन्दडिही के विकास ने प्रथम तथा प्राथमिक शाला तरईबेड़ा के लेमेश्वर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में गायत्री प्रथम और राधिका द्वितीय रहीं।
लंबी कूद में बालक वर्ग से अभय मरकाम प्रथम एवं कन्हैया नेताम (पावारास) द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में प्राथमिक शाला पीपरा की कु. पलक प्रथम तथा कु. संगीता द्वितीय रहीं।
बोरा दौड़ में युवराज (पीपरा) प्रथम एवं सोनू (नयापारा पीपरा) द्वितीय रहे। आलू दौड़ में योगेन्द्र (चिरवलाडिही) प्रथम तथा मुरली (तरईबेड़ा) द्वितीय रहे।
सुरीली कुर्सी स्पर्धा में कु. मिनाक्षी (बिचियारा, आँवराभाटा) प्रथम तथा कु. वैशाली (नयापारा पीपरा) द्वितीय रहीं। चम्मच दौड़ में कु. नंदनी (ओरकीवाही) प्रथम तथा कु. संगीता (पीपरा) द्वितीय रहीं।
क्विज प्रतियोगिता में विनय नेताम (ओरकीवाही) प्रथम एवं भुनेश्वर (जनपद प्राथमिक शाला आँवराभाटा) द्वितीय रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्राथमिक शाला पीपरा ने प्रथम तथा प्राथमिक शाला चिरवलाडिही ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्राथमिक वर्ग : सामूहिक स्पर्धाएं
कबड्डी के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्राथमिक शाला तरईबेड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में दोड़गापारा तथा बालिका वर्ग में चिरवलाडिही की टीम उपविजेता रही।
खो-खो के बालक वर्ग में तरईबेड़ा प्रथम तथा पावारास द्वितीय रहा। बालिका वर्ग में चिरवलाडिही प्रथम एवं नयापारा पीपरा द्वितीय स्थान पर रहा।
माध्यमिक वर्ग : व्यक्तिगत स्पर्धाएं
100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में माध्यमिक शाला पीपरा के गजेन्द्र प्रथम तथा प्रमोद द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में पावारास की कु. पुष्पा प्रथम एवं पीपरा की कु. सोनल द्वितीय रहीं।
200 मीटर दौड़ में गजेन्द्र एवं प्रमोद ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में पुष्पा प्रथम तथा कन्या शिक्षा परिसर पीपरा की कु. करिश्मा द्वितीय रहीं।
लंबी कूद में गजेन्द्र प्रथम तथा शिवा (पीपरा) द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में सोनल प्रथम एवं रेशमा (आँवराभाटा) द्वितीय रहीं।
ऊंची कूद में माध्यमिक शाला आँवराभाटा के सलीम कुमार प्रथम तथा वेद प्रकाश द्वितीय रहे। गोला फेंक में आँवराभाटा के दुर्गेश प्रथम एवं सलीम द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में पावारास की कु. भूमिका प्रथम तथा आँवराभाटा की कु. रेशमा द्वितीय रहीं।
सुई-धागा दौड़ में कु. करिश्मा (कन्या शिक्षा परिसर पीपरा) प्रथम एवं कु. दिव्या (आँवराभाटा) द्वितीय रहीं। क्विज प्रतियोगिता में कु. सजल देवी (कन्या शिक्षा परिसर पीपरा) प्रथम तथा अनुज मरकाम (आँवराभाटा) द्वितीय रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कन्या शिक्षा परिसर पीपरा ने प्रथम तथा माध्यमिक शाला पीपरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
माध्यमिक वर्ग : सामूहिक स्पर्धाएं
कबड्डी के बालक वर्ग में माध्यमिक शाला आँवराभाटा प्रथम तथा पीपरा द्वितीय रही। बालिका वर्ग में पावारास प्रथम एवं कन्या शिक्षा परिसर पीपरा द्वितीय रहा।
खो-खो के बालक वर्ग में आँवराभाटा प्रथम तथा पीपरा द्वितीय रहा। बालिका वर्ग में कन्या शिक्षा परिसर पीपरा ने प्रथम तथा माध्यमिक शाला आँवराभाटा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल के बालक वर्ग में आँवराभाटा प्रथम एवं पावारास द्वितीय रहा। बालिका वर्ग में पावारास प्रथम तथा कन्या शिक्षा परिसर पीपरा द्वितीय रही।
ग्रामीण महिला एवं अतिथि स्पर्धाएं
ग्रामीण महिला वर्ग की कुर्सी दौड़ में मनेश्वरी वट्टी (आँवराभाटा) प्रथम एवं ललीता बाई (चिरवलाडिही) द्वितीय रहीं। एक अन्य कुर्सी दौड़ स्पर्धा में मोनिका नेताम (आँवराभाटा) प्रथम तथा शांति पटेल (तरईबेड़ा) द्वितीय रहीं।
रस्साकशी प्रतियोगिता में सावित्री नेताम, किरण नेताम एवं साथियों की तरईबेड़ा टीम ने प्रथम तथा ओरकीवाही की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अतिथियों की गोला फेंक स्पर्धा में शिवराम (आँवराभाटा) प्रथम तथा पीपरा के सरपंच गोवर्धन कश्यप द्वितीय रहे।
आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
तीन दिवसीय संकुल स्तरीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में संकुल प्राचार्य दिनेश पांडेय, संघ धनीराम नेताम, जयप्रकाश सेन, अंकुश वर्मा, सतीश श्रीवास सहित आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संयोजक मंडल में श्रीमती मनकी पद्दा, श्री भुनेश्वर राणा, सुश्री तरुणा, श्री राजेश विश्वकर्मा, उत्तरा वामन एवं श्री सोनूराम साहू का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन लोकेश गायकवाड़, पुखराज पाठक, देवेंद्र ख्वास एवं अरुण पम्हार ने किया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा, बौद्धिक क्षमता और सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता के समापन पर ग्रामवासियों, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवाददाता चंद्रप्रकाश कुलदीप
कोंडागांव छत्तीसगढ़
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







