किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने वाली नहर का कलेक्टर ने लिया जायजा, गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का किया निरीक्षण

किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने वाली नहर का कलेक्टर ने लिया जायजा, गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश
किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का किया निरीक्षण, क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत कराने के निर्देश; कूडन जलाशय की क्षमता भी देखी
कटनी। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और नहर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नहर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर सिंचाई व्यवस्था से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली।
34.42 किलोमीटर लंबी शाखा नहरों का हो रहा सुधार
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि बहोरीबंद जलाशय के अंतर्गत शाखा नहरों की कुल लंबाई 34.42 किलोमीटर है। इनमें दायीं एवं बायीं तट नहर की रिसेक्शनिंग, लाइनिंग संरचनाओं का सुधार और पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
एलबीसी नहर के 12 से 15 किलोमीटर के बीच सीसी लाइनिंग का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखी और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त पुलियों का कराया जाएगा सुधार
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर को नहर में कुछ स्थानों पर बनी पुलियों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पुलियों का आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए, ताकि नहर से पानी की आपूर्ति और किसानों की सिंचाई व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
स्थानीय नागरिक नवी मोहम्मद ने बताया कि नहर में पानी पहुंचने से खेतों की सिंचाई आसान होगी। इससे किसानों को अच्छी पैदावार लेने में मदद मिलेगी और कृषि कार्यों को लाभ होगा।
21 गांवों को मिलेगा कूडन जलाशय का लाभ
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कूडन जलाशय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग ने जानकारी दी कि कूडन जलाशय की कुल क्षमता 36.98 घन मीटर है। इस जलाशय से जिले के कुल 21 गांव लाभान्वित होंगे।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, कार्यपालन यंत्री प्रलेश बम्हनिया, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर एवं एसडीओपी सुश्री आकांक्षा चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






