
सोनभद्र, संवाददाता (राकेश कुमार कन्नौजिया)_ 
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर भारतीय युवा शक्ति संगठन के तत्वावधान में सोमवार को आश्रम मोड़ पर सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सड़क परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार में कार्यरत एवं संगठन के मुख्य संरक्षक अजय कुमार रजक ने जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए करीब 100 लोगों को कंबल देकर उन्हें सर्दी से राहत पहुंचाई गई।
सेवा कार्यक्रम के दौरान मकर संक्रांति की परंपरा के अनुसार लाभार्थियों को तिल–गुड़ व चूड़ा भी वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व जरूरतमंद लोग मौजूद रहे। कंबल व प्रसाद पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
इस मौके पर अजय कुमार रजक ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या और बढ़ता प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय है। इन कारणों से आमजन को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों के माध्यम से सहयोग भी दिलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भारतीय युवा शक्ति संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान संजय कन्नौजिया, सोनबच्चा कनौजिया, विकास कनौजिया, अभिषेक कनौजिया, राकेश जायसवाल, कुनाल कुमार, अंकित जायसवाल, आनंद तिवारी, दिनेश जायसवाल, प्रशांत दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने भारतीय युवा शक्ति संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए राहत के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।










