
नरवाना की जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत:-मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
नरवाना 
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नव वर्ष के अवसर पर नरवाना क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाला वर्ष 2026 प्रत्येक परिवार के लिए सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली लेकर आएगा। बुधवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जन-मिलन कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए नव वर्ष का संदेश दिया और क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि वर्ष 2025 नरवाना के लिए विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण वर्ष रहा है, जिसमें अनेक जनहितकारी योजनाएं और विकास परियोजनाएं धरातल पर उतरीं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 नरवाना के विकास में एक नए और खुशहाल अध्याय की शुरुआत करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों। अपने संबोधन में मंत्री बेदी ने कहा, “मेरी परमात्मा से यही प्रार्थना है कि नव वर्ष 2026 हर घर में सुख-शांति, खुशहाली और प्रसन्नता लेकर आए। प्रत्येक परिवार स्वस्थ रहे, युवा तरक्की के नए आयाम छुएं और बुजुर्गों को सम्मान के साथ सुरक्षित जीवन मिले।” उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों के अच्छे स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की भी कामना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने लोगों की जनसमस्याएं भी ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नरवाना क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या उनकी अपनी निजी समस्या है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नव वर्ष में नई ऊर्जा, नए विश्वास और अधिक संकल्प के साथ वे जनसमस्याओं के समाधान के लिए और अधिक प्रभावी प्रयास करेंगे। मंत्री ने कहा कि सरकार जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है और हर जायज मांग का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मंत्री बेदी ने यह भी कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य सामाजिक समानता को मजबूत करना और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को पुष्पगुच्छ भेंट कर नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। पूरे वातावरण में उत्साह, उमंग और सकारात्मकता का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने मंत्री के संदेश की सराहना करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नरवाना की जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में नरवाना को विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे। नव वर्ष के इस अवसर पर उन्होंने एक बार फिर सभी क्षेत्रवासियों को 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।








