
महुली सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विंढमगंज थाना क्षेत्र के श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान, महुली में चल रहे ऐतिहासिक रामलीला मंचन के छठवें दिन राम-सीता विवाह का भव्य और भावनात्मक मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने इस प्रसंग को इतनी मार्मिक शैली में प्रस्तुत किया कि दर्शक दीर्घा तालियों और जयकारों से गूंज उठी।
जनकपुरी से अयोध्या को भेजा गया निमंत्रण
लीला की शुरुआत मिथिला नरेश जनक द्वारा अयोध्या के राजा दशरथ को विवाह का निमंत्रण भेजने से हुई। दूत ने दरबार में पहुंचकर राम के धनुष भंग की कथा सुनाई और विवाह के लिए जनकपुरी चलने का आग्रह किया। दशरथ ने यह समाचार सुनकर प्रसन्नता व्यक्त की और अपने चारों पुत्रों की बारात मिथिला भेजने की तैयारी प्रारंभ की।
नाचते-गाते अयोध्या से निकली बारात
इसके बाद अयोध्या से राम की बारात बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकली। हाथियों-घोड़ों और रथों से सजी बारात में बराती ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते चल रहे थे। इस दृश्य को देखकर दर्शक ठहाकों और आनंद से भर गए।
जनकपुरी में हुआ स्वागत
जनकपुरी पहुंचने पर राजा जनक ने विधिवत बारात का स्वागत किया। फूल-मालाओं, गीत-संगीत और स्वागत गीतों ने पूरा वातावरण आनंदमय कर दिया।
भोजन के समय भगवान राम का रूठना
मंचन का एक विशेष और रोचक दृश्य तब सामने आया जब भोजन के समय भगवान राम रूठ गए। इस प्रसंग को देखते ही दर्शक दीर्घा की महिलाओं ने परंपरा के अनुसार (भेंट) देकर भगवान को मनाया। इस दृश्य ने दर्शकों को ठहाकों और भावनाओं से भर दिया।
राम-सीता का पवित्र विवाह
रामलीला का चरम दृश्य राम और सीता का पवित्र विवाह रहा। वेद मंत्रों और सप्तपदी के साथ विवाह संपन्न हुआ। लक्ष्मण-उर्मिला, भरत-मांडवी और शत्रुघ्न-श्रुतकीर्ति के विवाह दृश्य भी अत्यंत भावपूर्ण ढंग से मंचित किए गए। पुष्पवर्षा और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गूंज उठा।
भीड़ से खचाखच भरा पंडाल
पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला। पंडाल दर्शकों से खचाखच भरा रहा और लोग मंचन के एक-एक दृश्य का आनंद लेते रहे।
समिति और व्यास का संदेश
इस अवसर पर श्रीरामलीला समिति के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंचन के अंत में रामलीला मंडली के व्यास दिलीप कुमार कन्नौजिया ने घोषणा की कि आज 26 सितंबर को राम बनवास की लीला का मंचन किया जाएगा। उन्होंने दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की।