दुद्धी नगर पंचायत में मानसून शुरू होते ही बढ़ा मच्छरों का प्रकोप

दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_मानसून की शुरुआत के साथ ही दुद्धी नगर पंचायत क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। नगर के विभिन्न वार्डों में जलभराव, जाम नालियां और साफ-सफाई की लचर व्यवस्था के कारण मच्छरों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। शाम होते ही मच्छरों के झुंड घरों और आसपास के क्षेत्रों में मंडराने लगते हैं, जिससे लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बरसात शुरू होने के बावजूद नगर पंचायत की ओर से नालों की समुचित तलीझाड़ सफाई, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव और नियमित फॉगिंग जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं कराई गई हैं। कई मोहल्लों में नालियां जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जो मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बन गया है।
नगरवासियों का कहना है कि बाजार में उपलब्ध मच्छर भगाने वाले उपकरण और दवाएं भी इस बढ़ते प्रकोप के सामने प्रभावी साबित नहीं हो रही हैं। इसके चलते लोगों में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और वायरल बुखार जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा बड़ी संख्या में लोग इन बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों एवं प्रबुद्धजनों ने जिला प्रशासन, नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि नगर के सभी वार्डों में रोस्टर के अनुसार तत्काल फॉगिंग कराई जाए, नालियों एवं जलभराव वाले स्थानों पर लार्वानाशक दवाओं का छिड़काव किया जाए तथा जहां-जहां पानी जमा है वहां से शीघ्र निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने अथवा उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल नगरवासियों को नगर पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






