बिदया की अर्थी निकालने वाले अब छात्रो को भड़का रहे

विद्या की अर्थी निकालने वाले अब छात्रों को भड़का रहे?” NEET प्रोटेस्ट में विवादित नारों और तोड़फोड़ पर इंद्रा मिश्रा का तीखा बयान:
Hemant Singh Thakur
जुलाई 25, 2026
1 mi
फारेस्टर प्ले ग्राउंड के नवनिर्मित हाल के कांच टूटने का आरोप, बच्चों से आपत्तिजनक नारे लगवाने पर जताई कड़ी आपत्ति
कटनी। NEET परीक्षा को लेकर शनिवार को आयोजित छात्र विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की टोली जब फारेस्टर प्ले ग्राउंड से पैदल मार्च करते हुए शहर भ्रमण के लिए निकली, उसी समय कुछ हुड़दंगियों द्वारा फारेस्टर प्ले ग्राउंड स्थित नवनिर्मित हाल के कांच तोड़ने की घटना सामने आई।
बताया जा रहा है कि छात्रों का पैदल मार्च निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ रहा था और प्रदर्शन में शामिल अधिकांश छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मौके का फायदा उठाकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।
वहीं इस छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ बच्चों को अपशब्दों से भरे नारे लगाने के लिए प्रेरित किए जाने का आरोप भी सामने आया है। प्रदर्शन में शामिल कुछ विद्यार्थियों के हाथों में मौजूद तख्तियों और लगाए जा रहे नारों की भाषा को लेकर भी आपत्ति जताई गई। आरोप है कि शहर के कुछ प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शन के दौरान गाली-गलौज और आपत्तिजनक शब्दों से भरे नारों का भी प्रयोग किया गया, जिसको लेकर शहरवासियों ने नाराजगी व्यक्त की है।
मामले को लेकर इंद्रा मिश्रा ने विरोध जताते हुए कहा कि “विद्या की अर्थी निकालने वाले अब छात्रों को भड़का रहे हैं? विद्यार्थियों के नाम पर राजनीति करना और बच्चों को आगे कर विवादित नारे लगवाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आंदोलन की आड़ में बच्चों को अपशब्दों का प्रयोग सिखाना और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इंद्रा मिश्रा ने कहा कि छोटे बच्चों को किसी भी प्रदर्शन में शामिल करने से पहले यह ध्यान रखना चाहिए कि उनके मन और भविष्य पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं इस पूरे NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान कटनी पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शहर के प्रमुख चौराहों और प्रदर्शन मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिसके चलते प्रदर्शन के दौरान कोई बड़ी विवादित स्थिति निर्मित नहीं हुई और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
प्रदर्शन से जुड़े लोगों का कहना है कि उनका उद्देश्य NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाना था। यदि किसी प्रकार की तोड़फोड़ या आपत्तिजनक नारेबाजी हुई है तो उसकी जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान की जानी चाहिए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




