ऋषिकेश। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन ने तीन जिलों से होकर चलने वाली कांवड़ मेला यात्रा को लेकर पुलिस बल को ब्रीफ किया। यात्रा के दौरान भीड व यातायात प्रबंधन पर उनका खासा फोकस रहा।

प० ललित मोहन पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित बैठक में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन ने कांवड़ मेला में नियुक्त पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने ड्यूटी प्वांइट की महत्वता समझकर पूर्ण कर्तव्य निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों से नम्र व्यवहार करने व उनका मार्गदर्शन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले में भारी संख्या में श्रद्वालु व उनके वाहन आते है इसलिए सभी के वाहन जिसके लिए के आने की सम्भावना के दृष्टिगत पूर्व में चिन्हित पार्किंग में ही लगे इधर उधर नहीं इस बात का ख्याल रखा जाए। कांवड मेला मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों व बाहर से व्यवसाय को आए लोगों का सत्यापन किया जाये।
एडीजी ने कहा कि अक्सर भीड़ में छोटे छोटे विवाद बडा रूप ले लेते हैं,इसलिए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखें। ड्यूटी के दौरान तीनों जिलों देहरादून, पौडी तथा टिहरी के पुलिसकर्मी आपसी सामंजस्य के साथ भीड/यातायात प्रबन्धन सुनिश्चित करें, साथ ही नीलकंठ मंदिर में भीड बढने की दशा में पूर्व से निर्धारित किये गये डाइवर्ट प्लान के अनुसार ही यातायात को डाइवर्ट करें। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए, कहा कि कांवड मेले के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओ को प्रसारित कर साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाडने का प्रयास करने वाली पोस्टों का तत्काल संज्ञान लेते हुए ऐसे व्यक्तियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर नियुक्त सभी सैक्टर अधिकारी अपने अधीनस्थ नियुक्त पुलिस कर्मियों को ड्यूटी प्वाइंटस पर जाकर ड्यूटी के सम्बन्ध में भली-भांति ब्रीफ करें तथा ड्यूटी में नियुक्त सभी पुलिस कर्मी किसी भी विवाद के होने की दशा तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे, जिससे वह विवाद मौके पर ही निपट जाए।






