भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 27 लीटर नेपाली शराब के साथ युवक गिरफ्तार
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ठूठीबारी पुलिस और एसएसबी 22वीं वाहिनी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नेपाली ब्रांड की 27 लीटर शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 जुलाई 2026 को लक्ष्मीपुर हरखपुरा सीमा चौकी क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नेपाली ब्रांड “किस-मिस सौंफ” शराब की 90 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी 300 एमएल की थी, जिसकी कुल मात्रा 27 लीटर बताई गई है। शराब को तीन गत्तों में रखा गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम साहनी उर्फ लालू (20) पुत्र रमेश साहनी, निवासी ग्राम डिगही, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ठूठीबारी में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।