संतकबीरनगर /पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा द्वारा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना महुली पुलिस द्वारा क्षेत्र में व्यापक चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में स्थित शराब की दुकानों एवं उनके आसपास एकत्रित व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई।
मौके पर बैठे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवांछनीय गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई। इसके साथ ही आसपास खड़े एवं आवागमन कर रहे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई।
वाहन चालकों से आवश्यक पूछताछ करते हुए वाहन के कागजात एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई। संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पैदल गश्त से बढ़ाया सुरक्षा का भरोसा-
महुली पुलिस टीम द्वारा प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त किया गया। गश्त के दौरान स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की गतिविधियों एवं समस्याओं की जानकारी ली गई।
पुलिस टीम द्वारा आमजन को आश्वस्त किया गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना एवं नागरिकों की सुरक्षा महुली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।
महुली पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार भ्रमण एवं चेकिंग अभियान जारी रखते हुए अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने का प्रयास निरंतर जारी है।