सावरिया पेट्रोल पंप पर पानी मिला डीजल देने का आरोप

रामपुर/विलासपुर। विलासपुर क्षेत्र के कमारी रोड स्थित सावरिया पेट्रोल पंप पर वाहन में डीजल की जगह पानी मिला डीजल दिए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है।
पीड़ित वाहन चालक अहमद खान, निवासी ईदगाह मोहल्ला, गोला गोकर्णनाथ-खुटार रोड, का आरोप है कि उन्होंने अपनी निजी गाड़ी में करीब 100 लीटर डीजल सावरिया पेट्रोल पंप से भरवाया था। डीजल भरवाने के कुछ ही दूरी बाद उनकी गाड़ी अचानक खराब हो गई।
अहमद खान के अनुसार गाड़ी की जांच कराने पर डीजल में पानी मिला होने की बात सामने आई। उनका आरोप है कि डीजल की टंकी में काफी मात्रा में पानी मौजूद था और मीटर में भी करीब पांच इंच तक पानी दिखाई दे रहा था।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि टंकी में लगातार पानी आने की स्थिति बनी हुई है। अहमद खान का कहना है कि वह अपनी ही गाड़ी के मालिक हैं और स्वयं गाड़ी चलाते हैं।
पानी मिला डीजल पड़ने के कारण उनकी गाड़ी पूरी तरह खराब हो गई, जिससे उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित के मुताबिक जब उन्होंने मामले की शिकायत पेट्रोल पंप संचालक से की तो कथित तौर पर संचालक ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि “हमारा सब सही है।” इससे पीड़ित में नाराजगी है।
घटना के बाद क्षेत्र के वाहन चालकों में भी रोष बताया जा रहा है। पीड़ित अहमद खान ने जिला प्रशासन और संबंधित आपूर्ति विभाग से सावरिया पेट्रोल पंप की निष्पक्ष जांच कराने, डीजल के नमूने की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, मामले में पेट्रोल पंप संचालक का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए पेट्रोल पंप के डीजल की गुणवत्ता की जांच कर कार्रवाई करता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






