मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, त्योहारों को लेकर सतर्क रहने का आदेश

गढ़वा। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन की समीक्षा की गई।
आगामी गणेश चतुर्थी, करमा पूजा एवं विश्वकर्मा पूजा को लेकर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा थाना के सभी पंजी समय पर अद्यतन रखने को कहा।
एसपी ने सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पशु तस्करी पर रोक लगाने, मालखाना प्रदर्श एवं NDPS से संबंधित वस्तुओं का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं नशाखोरी, बाल विवाह, डायन-बिसाही एवं सड़क सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
वाहनों की नियमित सघन जांच, ड्रंक ड्राइविंग के खिलाफ कार्रवाई तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का निर्देश दिया गया। SC/ST मामलों में मुआवजा हेतु समय पर प्रस्ताव भेजने तथा नफीस में कैदियों के फिंगर प्रिंट की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।
बैठक में SC/ST एवं पॉक्सो एक्ट सहित अन्य लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन, वारंट-कुर्की का निष्पादन, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन समय पर पूरा करने तथा साइबर अपराध, NDPS, आर्म्स एक्ट, IT Act, CCA समेत विभिन्न मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी ने अनुसंधानकर्ताओं को E-साक्ष्य पर कांडों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने तथा पेट्रोलिंग पार्टी की गतिविधियों की QR कोड के माध्यम से निगरानी रखने को कहा। उन्होंने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, आमजनों की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






