रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मांगा मोबाइल, खाते से उड़ाए 1.48 लाख

इमानुएल भारद्वाज की रिपोर्ट
🖊️🖊️🖊️
रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मांगा मोबाइल, बैंक खाते से 1.48 लाख रुपये पार
दुर्ग जिला अस्पताल में हुई घटना, तकनीकी साक्ष्य के आधार पर बालोद से आरोपी गिरफ्तार
किसी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल फोन देना कितना भारी पड़ सकता है, इसका एक मामला दुर्ग जिला अस्पताल में सामने आया है। यहां रिश्तेदार को फोन करने के बहाने एक व्यक्ति ने मोबाइल मांगा और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल के जरिए पीड़ित के बैंक खाते से 1 लाख 48 हजार रुपये निकाल लिए।
जानकारी के मुताबिक, महमरा निवासी कुलेश्वर निषाद अपने पिता के इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल में मौजूद थे। इसी दौरान कमलजीत बांदे उर्फ कमल ने रिश्तेदार को फोन करने की बात कहकर कुलेश्वर से मोबाइल मांगा। मोबाइल मिलने के बाद आरोपी फोन पर बात करते-करते वहां से फरार हो गया।
कुछ समय बाद पीड़ित को अपने बैंक खाते से 1 लाख 48 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की शिकायत सिटी कोतवाली पुलिस से की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बालोद जिले के तमोरा में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से 55,700 रुपये कीमत का सामान और 20,220 रुपये नकद बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मोबाइल देते समय रहें सतर्क
इस घटना ने एक बार फिर मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोबाइल में बैंकिंग ऐप, यूपीआई और अन्य निजी जानकारी मौजूद होने के कारण किसी अनजान व्यक्ति को फोन देना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। पुलिस ने भी लोगों से मोबाइल फोन किसी अपरिचित व्यक्ति को देने में सावधानी बरतने की अपील की है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






