बालाघाट जिले के बैहर में लगा जन-विश्वास अभियान का जिला स्तरीय शिविर,

जिला संवाददाता – नंदकिशोर सिंह मेरावी , बालाघाट (म.प्र.)
अधिकारियों ने क्षेत्र में पहुंचकर योजनाओं और विकास कार्यों की परखी हकीकत, युवाओं-उद्यमियों एवं हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
स्वास्थ्य जांच, नि:शुल्क दवा, आधार-आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सेवाएं शिविर में उपलब्ध
बालाघाट 12 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश की जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत 12 सितंबर को बैहर के टाउन हॉल में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बैहर विधायक श्री संजय उईके, गणमान्य नागरिक सत्येन्द्र गुड्डा मरकाम, नगर पंचायत के पार्षद, जनपद सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जिले में 7 अगस्त से प्रारंभ हुआ है और आगामी 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानना और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
पहले गांवों में पहुंचे अधिकारी, फिर शिविर में हुआ संवाद
बैहर के टाउन हॉल में जिला स्तरीय शिविर के आयोजन से पहले सभी विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण किया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के संस्थानों, विकास कार्यों और गतिविधियों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद टाउन हॉल में आयोजित शिविर में जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, वन मंडलाधिकारी श्री रेशम सिंह धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन, एसडीएम बैहर श्री अनिकेत शांडिल्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने युवाओं, उद्यमियों और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया। इस दौरान हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ, अपने अनुभव, समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष साझा किया।
योजनाओं से बदली जिंदगी, हितग्राहियों ने सुनाई सफलता की कहानी
संवाद कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने बताया कि सरकारी योजनाएं उनके लिए आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती का माध्यम बन रही हैं।
बैहर के मुकेश टेकाम एवं सुखवंता मर्सकोले ने बताया कि उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत बिना ब्याज का ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया है और इससे परिवार के लिए अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। संतोष उईके ने प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का मकान बनने की जानकारी दी।
रोशनी टेकाम ने बताया कि उनकी बेटी को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ मिल रहा है और वह हायर सेकेंडरी स्कूल में अध्ययनरत है। ग्राम खुरसीपार के धीरसिंह टेकाम ने मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट से प्राप्त होने वाले लाभ एवं आय की जानकारी साझा की।
ग्राम कुगांव की कुंती धुर्वे ने जैविक खाद एवं जैविक कीटनाशक तैयार कर उससे होने वाली आय के बारे में बताया। संध्या चौधरी ने मशरूम उत्पादन को कम समय और कम मेहनत में अच्छी आय देने वाला व्यवसाय बताया।
बैहर के मोनिश बंजारा ने बताया कि उनके द्वारा युवाओं को बांस के फर्नीचर एवं अन्य सामग्री बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे करीब 300 लोगों को रोजगार मिल रहा है। वहीं निखिल विश्वकर्मा एवं संबल सिंह उईके ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ लेकर कारपेंटर एवं स्टील फर्नीचर व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की जानकारी दी।
स्वास्थ्य जांच के साथ नि:शुल्क दवाओं का वितरण
शिविर में नागरिकों की सुविधा के लिए सिविल अस्पताल बैहर की ओर से स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई। यहां लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं। इसके साथ ही नागरिकों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और समग्र आईडी से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में पौष्टिक आहार और स्वस्थ खान-पान से संबंधित जानकारी दी गई। वहीं आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत कर अपने प्रशिक्षण और हुनर का प्रदर्शन किया।
मैदानी निरीक्षण में मिली कमियों की भी हुई समीक्षा
संवाद कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा ने जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए गए क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण और इस दौरान सामने आई कमियों की जानकारी ली।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि उनके द्वारा उकवा छात्रावास का निरीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने उकवा एवं बैहर के अस्पतालों का निरीक्षण किए जाने की जानकारी दी। सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक ने तुमड़ीटोला स्कूल के निरीक्षण की जानकारी दी। वन विभाग के अधिकारियों ने वनग्राम आरमटोला के स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान कान्हा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक ने बताया कि आरमटोला में सफारी जोन प्रस्तावित है। सफारी जोन विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
शिविर में 196 आवेदन प्राप्त
जन-विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 196 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वास्थ्य विभाग से संबंधित 38, ग्रामीण विकास से 51, राजस्व विभाग से 60, श्रम विभाग से 16, लोक सेवा केंद्र से 27 और पशुपालन विभाग से संबंधित 2 आवेदन शामिल हैं।
इसके अलावा बैगा जनजाति की 7 मुखिया महिलाओं को आहार अनुदान योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रकरण तैयार किए गए। शिविर में 6 बच्चों के आधार कार्ड भी बनाए गए।
जन-विश्वास अभियान का यह जिला स्तरीय शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बना। अधिकारियों द्वारा एक ओर जहां गांवों में पहुंचकर योजनाओं की जमीनी स्थिति देखी गई, वहीं दूसरी ओर शिविर में हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अनुभवों और सुझावों को जाना गया। इससे शासन की योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







