मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में, कार्मिकों को दिया विशेष प्रशिक्षण

मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में, कार्मिकों को दिया विशेष प्रशिक्षण
निगम कार्यालय में बनाए गए अभिकर्ताओं के परिचय पत्र
पाली, 12 सितम्बर। नगर निगम आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के मतदान के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मतदान प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद शनिवार को निर्वाचन विभाग की ओर से मतगणना को लेकर विभिन्न स्तरों पर आवश्यक तैयारियां की गईं। एक ओर जिला परिषद सभागार में मतगणना कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, वहीं दूसरी ओर नगर निगम कार्यालय में प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ताओं के परिचय पत्र बनाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना पर जोर -रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतगणना से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया की पूरी तरह पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो तथा प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे, इसके लिए सभी संबंधित कार्मिक पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
मास्टर ट्रेनरों ने समझाई गणना प्रक्रिया -मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण का आयोजन जिला परिषद सभागार में किया गया। यहां मास्टर ट्रेनरों ने कार्मिकों को मतगणना से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान मतगणना की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों, निर्धारित नियमों तथा मतगणना के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता के बारे में जानकारी दी गई। अभिकर्ताओं के बनाए गणना परिचय पत्र -सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया में शामिल होने वाले प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं के परिचय पत्र बनाने की कार्रवाई भी शनिवार को नगर निगम कार्यालय में की गई।
तहसीलदार सुनील कुमार के निर्देशन में प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनके गणना परिचय पत्र तैयार किए गए। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर अधिकृत अभिकर्ताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिचय पत्र की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा किया गया है।
निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इस दौरान सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेन्द्र बैरवा, ललित कुमार दवे, रमेश अणकिया, रामलाल, ताराचंद सेजू, अर्जुन सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







