गणेश उत्सव की तैयारी को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने किया गणेश चौक का स्थल निरीक्षण

कटनी
आगामी गणेश उत्सव एवं गणेश चौक में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले वार्षिक मेले को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शनिवार को गणेश चौक पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया तथा उत्सव एवं मेले के दौरान नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में निगम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने गणेश चतुर्थी से लेकर अनंत चतुर्दशी तक गणेश चौक,आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिमा स्थापना स्थलों एवं पंडालों के आसपास नियमित रूप से कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने तथा स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही पंडालों के आसपास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं नागरिकों द्वारा उत्पन्न होने वाले कचरे का उचित संग्रहण हो सके और पूरे आयोजन के दौरान पंडाल परिसर एवं आसपास का क्षेत्र स्वच्छ बना रहे।
महापौर ने गणेश चौक के आसपास पहुंच मार्गों एवं प्रमुख आवागमन वाले मार्गों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जहां कहीं भी सड़क पर गड्ढे पाए जाएं, वहां आवश्यकतानुसार गड्ढों की भराई एवं मार्ग को समतल कराया जाए, ताकि गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने उत्सव एवं मेले के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए। महापौर ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
व्यवस्थित रूप से दुकानें लगाने के निर्देश
गणेश चौक में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के दौरान बड़ी संख्या में फुटकर व्यापारी एवं दुकानदार अपनी दुकानें लगाते हैं। महापौर ने निर्देश दिए कि सभी फुटकर व्यापारी निर्धारित दायरे एवं व्यवस्थित स्थान पर ही दुकानें लगाएं, ताकि मुख्य मार्गों एवं आवागमन वाले स्थानों पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को यातायात विभाग के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।साथ ही नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए अतिक्रमण दस्ते को निरंतर सक्रिय रहने के निर्देश दिए ।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि गणेश चौक में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह वार्षिक मेला शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक यहां पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, डस्टबिन, कीटनाशक दवा के छिड़काव, प्रकाश, पेयजल, सड़क एवं सुगम आवागमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते बेहतर स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को उत्सव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






