हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का मजबूत सूत्र : डीएम

हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का मजबूत सूत्र : डीएम
सरकारी कार्यों में सरल, सुगम एवं मानक हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का दिया निर्देश
भभुआ/कैमूर। हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को समाहरणालय स्थित मां मुण्डेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी, कैमूर की अध्यक्षता में गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का मजबूत सूत्र है। हिंदी भाषा हमारी समृद्ध परंपरा, संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकारी कार्यों में सरल, सुगम एवं मानक हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यालयी प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी आम जनता तक सहज और सरल भाषा में पहुंचनी चाहिए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यों को समझने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने विशेष रूप से कार्यालयी टिप्पणियों एवं प्रारूप लेखन में अनावश्यक अंग्रेजी शब्दों तथा अत्यधिक कठिन तत्सम शब्दावली के प्रयोग से बचने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालयी कार्यों में लोकप्रचलित एवं मानक हिंदी का प्रयोग किया जाए, जिससे सरकारी पत्राचार एवं सूचनाएं आम लोगों के लिए अधिक सुगम और बोधगम्य बन सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित उप विकास आयुक्त ने कहा कि हिंदी हमारी अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रति सम्मान और इसके अधिकाधिक प्रयोग से भाषा के विकास के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत भी मजबूत होती है।
समारोह में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रभावी एवं सरल प्रयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







