स्थापना के 28 वर्ष बाद राजकीय प्राथमिक विद्यालय जलसागर को मिला मुख्य प्रवेश द्वार

रिपोर्टर दुर्गालाल बोहरा | बेगूं (चित्तौड़गढ़)
राजकीय प्राथमिक विद्यालय जलसागर ने स्थापना के 28 वर्ष बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय परिसर में पहली बार मुख्य प्रवेश द्वार स्थापित किया गया है। इसके साथ ही विद्यालय की चारों ओर तारबंदी का कार्य भी जनसहयोग एवं भामाशाहों के सहयोग से पूर्ण कराया गया। इससे विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ विद्यालय की गरिमा और सुंदरता में भी वृद्धि हुई है।
विद्यालय के संस्थाप्रधान विकास जांगिड़ ने बताया कि लंबे समय से विद्यालय में मुख्य प्रवेश द्वार और चारों ओर तारबंदी नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा विद्यालय परिसर की संरक्षा एक चुनौती बनी हुई थी। सामुदायिक सहयोग, जनभागीदारी और भामाशाहों के सहयोग से अब इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
इस पुनीत कार्य में विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों, भामाशाहों एवं शिक्षकों ने आर्थिक सहयोग के साथ-साथ श्रमदान कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। नरेन्द्र जी राठौड़ (जसवंतपुरा, राजगढ़-चूरू) एवं नवीन जी पुनिया (अध्यापक, बेवड़, राजगढ़-चूरू) सहित सभी सहयोगकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं गोपाल मीणा एवं भेरूलाल मीणा ने गड्ढों की खुदाई एवं पोल लगाने का कार्य कर अभियान को गति प्रदान की।
अभियान में विकास जांगिड़, अवतार सिंह, कन्हैयालाल मीणा, कैलाश मीणा, सिंटू मीणा, प्रेमचंद मीणा, लाड़ वैष्णव एवं ओमप्रकाश मीणा सहित सभी भामाशाहों एवं सहयोगकर्ताओं ने उल्लेखनीय योगदान दिया। कार्य को सफल बनाने में जीतेन्द्र कुमार सुवालका, संस्थाप्रधान राजकीय प्राथमिक विद्यालय लाड़पुरा, बेगूं तथा राकेश कुमार नागर, संस्थाप्रधान राजकीय प्राथमिक विद्यालय मानकेसर, बेगूं का भी विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर संस्थाप्रधान विकास जांगिड़ ने सभी भामाशाहों, ग्रामवासियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सरकारी विद्यालय समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जब समाज विद्यालय के विकास के लिए आगे आता है, तब शिक्षा का वातावरण भी सुरक्षित, समृद्ध और प्रेरणादायी बनता है। यह मुख्य द्वार केवल विद्यालय का प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का प्रवेश द्वार है।”
विद्यालय परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनसहयोग के माध्यम से विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




