कांठ के भरतपुर में घास काट रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, महिला गंभीर घायल, अस्पताल में कराया भर्ती

कांठ थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर में मंगलवार को पशुओं के लिए घास काट रही एक महिला पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग गया।

कांठ तहसील क्षेत्र के ग्राम भरतपुर निवासी निर्वेश देवी (38) पत्नी विजयपाल सिंह मंगलवार की शाम जंगल से पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। वह खेत में घास काट रही थीं, इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया।

घायल महिला को परिजन तत्काल हल्दुआ माफी स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में उसे कांठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक महिला का उपचार जारी था। उधर, तेंदुए के हमले की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडे लेकर तेंदुए की तलाश में जुट गए। सूचना पर कांठ के थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वन विभाग को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर कांठ के साथ ही मुरादाबाद और ठाकुरद्वारा से वन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। वन विभाग की टीमों ने तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। डिप्टी वन रेंजर कांठ पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले में घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। तेंदुए को पकड़ने के लिए भरतपुर में पिंजरा लगाया गया है और ड्रोन के माध्यम से उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
–कांठ क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा तेंदुए का आतंक
कांठ तहसील क्षेत्र में लगातार तेंदुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आए दिन अलग-अलग क्षेत्रों में तेंदुए दिखाई देने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। तेंदुए जहां लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं, वहीं ग्रामीणों के पालतू पशुओं और अन्य जानवरों को भी अपना निवाला बना रहे हैं। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में एक-दो नहीं, बल्कि कई तेंदुओं की मौजूदगी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुओं के आतंक से निजात दिलाने और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। इधर वन विभाग ने हिंदुओं को पकड़ने के लिए क्षेत्र में अलग-अलग आठ स्थानों पर पिंजरे लगाए हुए हैं।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







