रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ सतर्क, अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसरों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा के नेतृत्व में आरपीएफ द्वारा अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डीआरएम ने बताया कि साप्ताहिक समीक्षा के दौरान आरपीएफ द्वारा विभिन्न सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण गतिविधियों की प्रभावी निगरानी की गई। रेलवे संपत्ति से संबंधित प्रकरणों में संचयी रूप से 86 प्रतिशत डिटेक्शन दर्ज किया गया है।
लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी एवं कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। टिकट दलाली के विरुद्ध अभियान के तहत अब तक 46 मामले दर्ज कर 48 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों में अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग की घटनाओं की रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
सप्ताह के दौरान अलार्म चेन पुलिंग से संबंधित 15 घटनाएं सामने आईं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जागरूकता एवं निगरानी बढ़ाई गई है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि आरपीएफ द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा, अपराधों की शीघ्र जांच एवं निस्तारण, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा यात्रियों के साथ बेहतर समन्वय पर निरंतर जोर दिया जा रहा है।
आरपीएफ का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं भरोसेमंद रेल यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराना है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






