आगर-मालवा, 25 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत आगर की ग्राम पंचायत भ्याना में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 121 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से अधिकांश का संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण किया। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई भेरूसिंह चौहान, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ घर-परिवार और समाज में उनका सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने भी ग्रामीण महिलाओं को धुएं से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री बाबूलाल यादव ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा, किसानों के लिए आगामी सीजन से दिन में 10 घंटे बिजली तथा स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार पत्रों की रजिस्ट्री की जानकारी दी। वहीं श्री प्रेम यादव ने केंद्र एवं राज्य सरकार की गरीब, किसान, महिला और युवा केंद्रित योजनाओं की जानकारी देते हुए सुगम परिवहन सेवा योजना से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलने वाले लाभ की बात कही।
सबसे अधिक पंचायत और राजस्व से जुड़े आवेदन
शिविर में पंचायत संबंधी 42, राजस्व के 33, सामाजिक न्याय, विद्युत एवं खाद्य विभाग के 7-7, जल संसाधन के 3, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं स्वास्थ्य विभाग के 2-2 तथा श्रम, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, शिक्षा, कृषि और मध्यान्ह भोजन से संबंधित 1-1 आवेदन प्राप्त हुए। कुल 121 आवेदनों में से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। ग्रामीणों ने अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पंचायत समन्वयक अधिकारी बीएल मेघवाल ने किया। अंत में जनपद सीईओ सुश्री अंजली बडोले ने आभार व्यक्त किया।