सांवेर रोड स्थित आइसक्रीम गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का माल व कमर्शियल फ्रीजर जलकर खाक

🔴 तेजकुमार जारवाल
जिला रिपोर्टर | इंदौर
वंदे भारत LIVE TV NEWS
इंदौर विशेष खबर में
शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका; फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, बड़ा हादसा टला
इन्दौर (विशेष प्रतिनिधि)।
शहर के सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक बड़े आइसक्रीम डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के गोदाम में रविवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते धुएं का गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हादसे में गोदाम में रखे लाखों रुपये कीमत के कमर्शियल फ्रीजर, डिस्ट्रीब्यूशन वाहन और आइसक्रीम का भारी स्टॉक जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
तड़के धुएं के गुबार से हुआ खुलासा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह तड़के गोदाम के अंदर से घना धुआं निकलता देखा गया। जब तक आसपास के लोग और सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही सांवेर रोड और लक्ष्मीबाई नगर फायर स्टेशन से अग्निशमन दल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँचीं।
फायर ब्रिगेड की 5 से अधिक गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की 5 से अधिक गाड़ियों और टैंकरों को तैनात किया गया। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गोदाम में प्लास्टिक पैकेजिंग और बिजली उपकरणों की मौजूदगी के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं। करीब तीन घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
लाखों का नुकसान, शार्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक आकलन के अनुसार, दुर्घटना में लाखों रुपये मूल्य का माल व उपकरण जलकर खाक हो गए हैं। पुलिस व अग्निशमन विभाग की प्राथमिक जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि हादसा अलसुबह हुआ, जिससे गोदाम में कर्मचारी मौजूद नहीं थे और कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के सटीक कारणों और कुल वित्तीय नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







