नगर ऊंटारी थाना ने चलाया जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को कानून, सड़क सुरक्षा व साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ नगर ऊंटारी। गढ़वा पुलिस द्वारा स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र स्थित टीडीएम महाविद्यालय, नगर ऊंटारी में थाना प्रभारी अविनाश राज के नेतृत्व में प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं के बीच एक दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के कानूनी एवं शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बाल विवाह को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने तथा इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की। वहीं डायन-बिसाही जैसी अंधविश्वास से जुड़ी कुप्रथाओं के खिलाफ मौजूद कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसी महिला को प्रताड़ित करने अथवा उसके साथ हिंसा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करने की सलाह दी गई।
इसके अलावा पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के तौर-तरीकों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। साथ ही NCRP पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
पुलिस पदाधिकारी ने बैंक खाता फ्रीज होने की स्थिति में MRM एवं GRM की भूमिका तथा न्यायालय के माध्यम से ठगी की राशि वापस प्राप्त करने की विधिक प्रक्रिया के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
#JharkhandPolice #igpalamu #digpalamu #dcgarhwa
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





