दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला को चाकू दिखाया, लाखों के जेवरात लेकर फरार

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े एक महिला को चाकू का भय दिखाकर लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना फोरलेन के किनारे स्थित मां तारा एक्वा के संचालक बृजलाल राम के घर की है। बताया जाता है कि सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और पल्सर बाइक से फोरलेन के रास्ते रमना की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सेल्समैन बनकर घर में दाखिल हुआ बदमाश
पीड़िता संगीता देवी के अनुसार, घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान एक युवक घर पहुंचा और खुद को सेल्स मैनेजर बताते हुए प्रोडक्ट दिखाने की बात कही। महिला ने प्रोडक्ट लेने से इनकार कर उसे घर से जाने को कहा, लेकिन युवक काफी देर तक वहां रुका रहा। इसके बाद उसने जेवरात साफ करने की बात कही। महिला द्वारा मना किए जाने के बाद भी वह कथित रूप से जबरदस्ती करने लगा।
इसी दौरान युवक ने अपने बैग से बड़ा चाकू निकाल लिया और महिला को डराते हुए घर में मौजूद जेवरात देने की मांग की। बदमाश ने जेवर नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। चाकू देखकर भयभीत महिला ने अपने और परिवार की अन्य महिलाओं के गहने उसे सौंप दिए।
तीन से चार लाख के जेवरात ले जाने का दावा
संगीता देवी ने बताया कि बदमाश उनकी मां चंद्रावती देवी के गले से मंगलसूत्र, उनके गले का लॉकेट, कान की बाली व टप्स तथा उनकी सास फूलमती देवी का कान का टप लेकर फरार हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, जेवरात की अनुमानित कीमत करीब तीन से चार लाख रुपये है।
फोरलेन के पास पहले से मौजूद था दूसरा साथी
पीड़िता के अनुसार, वारदात के बाद बदमाश घर से निकलकर फोरलेन के पास पहुंचा, जहां उसका दूसरा साथी पहले से पल्सर बाइक लेकर खड़ा था। जेवरात लेकर पहुंचते ही दोनों बाइक पर सवार हुए और फोरलेन के रास्ते रमना की ओर भाग निकले। आसपास के लोगों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आ सके।
डायल 112 पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस
संगीता देवी ने बताया कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर नगर ऊंटारी थाना पहुंचीं। वहां आवेदन देने के बाद कार्रवाई की बात कही गई। इसके बाद वह घर लौट आईं और डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद नगर ऊंटारी थाना के एसआई अमित प्रशांत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़िता एवं परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ वारदात से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। दिनदहाड़े घर में घुसकर चाकू के बल पर जेवरात लूटे जाने की घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







