सोनौली – आगामी त्योहारों को लेकर सोनौली पुलिस अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में दिए गए जरूरी निर्देश
दुर्गा पूजा आयोजकों और डीजे संचालकों को हिदायत -नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
नवरात्रि पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, प्रशासन ने कसी कमर
सोनौली थाना सभागार में बैठक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
सोनौली/महराजगंज। शारदीय नवरात्रि और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोनौली थाना सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपजिलाधिकारी नौतनवा और क्षेत्राधिकारी नौतनवा ने दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों, डीजे संचालकों और अन्य संबंधित लोगों के साथ संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शासन के निर्धारित नियमों का पालन करने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों को तय मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए।
साथ ही स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सभी आयोजकों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है।