बस्ती।। एफडीए ने मारा छापा, 133 किलो खाद्य सामग्री सीज

अजीत मिश्रा (खोजी)
त्योहारों पर जहर का कारोबार: श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ कब तक?
- त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार दुकानों पर हुई छापेमारी
- संदिग्ध मिलने पर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, किशमिश और मूंगफली की गई जब्त
11 अक्टूबर 2026
बस्ती।। शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा जैसे पवित्र और पावन पर्वों का समय आते ही बाजार में मिलावटखोरों का काला खेल एक बार फिर बेनकाब हो गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की हालिया छापेमारी में बस्ती जिले के बाजारों से जो सच सामने आया है, वह हर आम नागरिक को झकझोर देने के लिए काफी है।
जब पूरा देश भक्ति और आस्था के रंग में डूबा होता है, तब मुनाफाखोरों का एक ऐसा गिरोह सक्रिय हो जाता है जो व्रत और उपवास के दौरान खाई जाने वाली पवित्र सामग्री में भी जहर घोलने से बाज नहीं आता।
कार्रवाई में खुला मिलावट का सच
एफडीए की टीम ने जिले में औचक छापेमारी कर चार दुकानों पर शिकंजा कसा। पुरानी बस्ती के पांडे बाजार स्थित राजेश ट्रेडर्स और कंपनी बाग क्षेत्र की दुकानों से जो खाद्य सामग्री जब्त की गई, उसकी दास्तां हैरान करने वाली है:
- किशमिश और मूंगफली: 47 किलो संदिग्ध किशमिश और 31 किलो मूंगफली सीज की गई।
- व्रत का आटा: 133 किलो कुट्टू और सिंघाड़े का आटा तथा कुट्टू दाना संदिग्ध मिलने पर सीज किया गया।
- कुल जब्ती: जांच के दौरान कुल 133 किलो मिलावटी व संदेहास्पद खाद्य सामग्री जब्त की गई।
त्योहारों पर ही क्यों जागता है प्रशासन?
यह सवाल हर जागरूक नागरिक के जेहन में उठना लाजिमी है कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग की नींद सिर्फ त्योहारों के आने पर ही खुलती है? यदि यह विशेष अभियान केवल कुछ दिनों का दिखावा बनकर रह जाएगा, तो इन मुनाफाखोरों के हौसले कभी पस्त नहीं होंगे। जनता की जिंदगी और सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले इन सौदागरों के खिलाफ केवल सामान सीज करने और नमूने लेने भर की खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा।
कड़े संदेश की दरकार
त्योहारों के नाम पर मिलावट का यह खेल संगठित अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यापारी लोगों के स्वास्थ्य से खेलने की हिम्मत न जुटा सके। प्रशासन को इस अभियान को त्योहारों तक सीमित न रखकर एक निरंतर प्रक्रिया बनाना होगा, तभी हमारी थाली तक सुरक्षित और शुद्ध भोजन पहुंच पाएगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





