मिड डे मील कार्यकर्ताओं का ऐलान 26 अक्टूबर को रोहतक महापंचायत में दिखाएंगे ताकत।

मिड डे मील कार्यकर्ताओं का ऐलान, 26 अक्टूबर को रोहतक महापंचायत में दिखाएंगी ताकत। तावडू।
केंद्रीय श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी से संबंधित मिड डे मील कार्यकर्ता यूनियन, जिला नूंह की बैठक रविवार को तावडू के सर छोटूराम पार्क में आयोजित की गई। जिला प्रधान देवकी देवी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिलेभर से सैकड़ों मिड डे मील कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में कार्यकर्ताओं की लंबित मांगों पर चर्चा करते हुए 26 अक्टूबर को रोहतक के नांदल भवन, बोहर में आयोजित होने वाली किसान-मजदूर-छात्र-युवा-महिला महापंचायत को समर्थन देने का फैसला लिया गया। साथ ही नूंह जिले से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के महापंचायत में शामिल होने की घोषणा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि मिड डे मील कार्यकर्ता गरीब परिवारों से आती हैं और बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें मात्र 7 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से कार्यकर्ताओं की लंबित मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द पूरा करने की अपील की। यूनियन की जिला सह सचिव कौशल्या देवी ने मांग की कि मिड डे मील कार्यकर्ताओं को पक्का किया जाए, न्यूनतम वेतन दिया जाए और 10 महीने के बजाय पूरे 12 महीने का मानदेय सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा वर्दी के लिए मिलने वाली राशि बढ़ाने और मानदेय का समय पर भुगतान करने की भी मांग उठाई गई। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर नूंह जिले की मिड डे मील कार्यकर्ता 26 अक्टूबर को रोहतक में होने वाली महापंचायत में भाग लेंगी और अपने मुद्दों को सरकार के सामने उठाएंगी।
बैठक में बताया गया कि महापंचायत में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की भांजी एवं किसान नेत्री गुरजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस मौके पर एआईयूटीयूसी राज्य कमेटी के सदस्य शेर सिंह मीरपुर, नूंह जिला इंचार्ज बृजमोहन, एजुसैट चौकीदार यूनियन के नेता रविंद्र कुमार और मिड डे मील कार्यकर्ता यूनियन की कोषाध्यक्ष रितू देवी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
बैठक में गुलशाना, अमरूदी, जगुनी, गीता, रजीना, कांता, प्रमिला, फजेरी, रजनी, किशनवती, माया, जैतूनी, मकसूदन, शायरा, अमरीना, रहीसन और कविता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






