डेगाना में स्टूडेंट्स को बाल विवाह के लिए किया जागरूक:* साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए, एसीजेएम ने किया संवाद

बाल विवाह रोकने की विद्यार्थियों ने ली शपथ, साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में वीर तेजा विद्या मंदिर में जागरूकता शिविर आयोजित, एसीजेएम राजेश्वर विश्नोई ने विद्यार्थियों से किया संवाद
डेगाना (नागौर)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डेगाना के वीर तेजा विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित शिविर में तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण डेगाना की अध्यक्षता में एसीजेएम राजेश्वर विश्नोई ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें बाल विवाह की रोकथाम, नशे से बचाव और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। शिविर में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसीजेएम विश्नोई ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है।
इसे रोकना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने तथा अपने आसपास ऐसी किसी घटना की जानकारी मिलने पर माता-पिता, शिक्षकों और संबंधित जिम्मेदार लोगों को अवगत कराने की बात कही।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें
साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी के साथ करना चाहिए। सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी, मोबाइल नंबर, पासवर्ड, ओटीपी और बैंक संबंधी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने चाहिए।
अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मैसेज का जवाब देने और ऑनलाइन मिलने वाले लालच में आने से बचना चाहिए। विद्यार्थियों को समझाया गया कि साइबर ठगी होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर घबराने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों और संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
साथ ही सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन करने की सीख दी गई। नशे से दूर रहने का किया आह्वान
शिविर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई।
उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





