पुलिस एवं नगर निगम का संयुक्त अभियान, कटरा बाजार में यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर कार्रवाई

सागर वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने तथा आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा कटरा बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की गई।
यातायात अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान तीन बत्ती से लेकर कटरा मस्जिद मार्ग तक सड़क किनारे अवैध रूप से एवं लंबे समय तक खड़े किए गए चार पहिया वाहनों को हटवाया गया। मुख्य मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण यातायात का प्रवाह प्रभावित हो रहा था, जिससे आम नागरिकों एवं अन्य वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।
संयुक्त अभियान के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 08 चार पहिया वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई तथा मौके पर कुल ₹4,000 समन शुल्क वसूल किया गया। कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग के प्रति जागरूक करना भी रहा।
यातायात पुलिस एवं नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने तथा यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध आगे भी संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों में सड़क की उपलब्ध चौड़ाई बनाए रखना, आमजन के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना तथा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुगम रखना आवश्यक है।
वाहन चालकों से अपेक्षा की गई है कि वे जिम्मेदारी का परिचय देते हुए यातायात नियमों का पालन करें। सागर पुलिस एवं नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने चार पहिया एवं दोपहिया वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
मुख्य मार्गों, एवं बाजारों में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। यातायात नियमों का पालन कर शहर को जाममुक्त, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग प्रदान करें।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






