पुरानी रंजिश के चलते डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला 24 घंटे में ही आरोपी को किया गिरफतार लूटी हुई सोने की चैन पंच एवं धार धार चाकू बरामद

कटनी
पुरानी रंजिश के चलते डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फरियादी की लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त लोहे का पंच और एक धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को सुख्खन चौक निवासी दूध डेयरी संचालक किशोर तोमर (57) पर जालपा मढ़िया के पास एक गली में हमला किया गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने घात लगाकर फरियादी पर ईंट-पत्थरों और लोहे की चैन से हमला किया, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान फरियादी के गले में पहनी सोने की चेन भी लूट ली गई।
मामले में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1209/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी) एवं 109(1) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित की गई टीम द्वारा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद है और ट्रेन से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जबलपुर रवाना हुई और रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से फरियादी की सोने की चेन, घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का पंच और एक धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार, आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित के विरुद्ध पूर्व में 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उप निरीक्षक लेख सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद पैकरा, प्रधान आरक्षक अनुराग सोनकर, अजय दुबे, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, वीरेन्द्र तिवारी, पुष्पराज सिंह तथा आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह एवं दीपक तिवारी की अहम भूमिका रही।
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







