जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश युवाओं को कानून का पाठ पढ़ाकर सुरक्षा का प्रहरी बनाने की पहल, ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ का समापनपुलिस और युवाओं के बीच मजबूत होगा

आगर-मालवा। अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट ने विद्यार्थियों को कानून व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, यातायात सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा समाज में सुरक्षा एवं सकारात्मक बदलाव के सबसे मजबूत वाहक बन सकते हैं।
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार डीआईजी विनीत कपूर के निर्देशन में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश पुलिस की संयुक्त पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली और नागरिकों की जिम्मेदारियों से रूबरू कराया गया।
*पुलिस और जनता के बीच विश्वास ही सामुदायिक पुलिसिंग की ताकत*
समापन अवसर पर एएसपी रविन्द्र कुमार बोयट ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का मूल उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद, समन्वय और आपसी विश्वास स्थापित करना है। इसमें युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवा न केवल कानून का सम्मान करें, बल्कि अपने आसपास होने वाली संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों के प्रति सजग रहकर समाज को सुरक्षित बनाने में भी सहयोग दें। उन्होंने विद्यार्थियों से पुलिस के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने और सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
*कानून से लेकर सड़क सुरक्षा तक दी व्यावहारिक जानकारी*
कार्यक्रम में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव ने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी। यातायात प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह चौहान ने यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता तथा सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया। वहीं सूबेदार जितेन्द्र शुक्ला ने आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं सहायता के उपायों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
*प्रशस्ति पत्र देकर प्रतिभागियों का किया सम्मान*
कार्यक्रम के समापन पर एएसपी रविन्द्र कुमार बोयट ने संवाद कार्यक्रम में सहभागी विद्यार्थियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यक्रम में मिली सीख को अपने व्यवहार में उतारने और समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. डी.पी. चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव, यातायात प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह चौहान, सूबेदार जितेन्द्र शुक्ला, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। डॉ. हंसराज ने आभार व्यक्त किया तथा प्रोफेसर अजय राठौर ने मंच संचालन किया।
*युवाओं को जागरूक नागरिक बनाने और पुलिस-समाज के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी तैयार करने की दिशा में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।*
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







